हिसार : आईएएस परी बिश्नोई ने विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को किया सम्मानित

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : आईएएस परी बिश्नोई ने विभिन्न क्षेत्रों की हस्तियों को किया सम्मानित


अग्रोहा में भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित

शिक्षा, खेल, पर्यावरण, आयुर्वेद और जीव रक्षा में उत्कृष्ट कार्य करने वाली

प्रतिभाओं को मिला गौरवशाली सम्मान

हिसार, 22 अक्टूबर (हि.स.)। अग्रोहा स्थित ओ३म् लाइब्रेरी में गौपुत्र दल के

तत्वावधान में गरिमामयी और प्रेरणादायक प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस

विशेष कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंची प्रख्यात आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई

ने शिक्षा, खेल, रक्तदान, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, कला, आयुर्वेद तथा जीव रक्षा

जैसे विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण और सराहनीय कार्य करने वाली स्थानीय प्रतिभाओं

को सम्मानित किया।

समारोह के दौरान समाज सेवा और उत्कृष्ट योगदान के लिए विभिन्न विशिष्ट जनों

को नवाजा गया। इनमें शिक्षा के क्षेत्र से मोनिका व शीला, रक्तदान के क्षेत्र से कृष्ण

मुरारी व राजकुमार, पर्यावरण संरक्षण में मंगत राम व अनिल बिश्नोई, कला के क्षेत्र

में राजकुमार, खेल जगत से अमीन भुम्बक कुलेरी, आयुर्वेद के क्षेत्र में कपूर चंद तथा

जीव रक्षा के लिए समर्पित टिंकू व पाला राम को मुख्य अतिथि द्वारा सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर वक्ता सुनील क्रांतिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज में छिपी

और सक्रिय प्रतिभाओं का सम्मान करने से पूरे परिवेश में एक नई ऊर्जा और सकारात्मक प्रेरणा

का संचार होता है। ऐसे आयोजन युवा पीढ़ी को समाजहित के कार्यों में आगे आने तथा सेवा,

समर्पण और रचनात्मक सोच के साथ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित

करते हैं। कार्यक्रम में डीएसपी किशोरी लाल, थाना प्रभारी ईश्वर, काजला के पूर्व सरपंच

पवन कुमार, प्रदेश सचिव प्रमोद स्वामी, जिला अध्यक्ष संदीप गैबीपुर, स्टार प्रचारक

श्याम सुंदर नाथ सहित टिंकू, अमन, गोबिंद, गुरमेश और क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक

एवं प्रबुद्ध जन उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765107 Articles

Share this story