यमुनानगर: ताजेवाला की झोपड़ियों में भीषण आग, परिवार सुरक्षित

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: ताजेवाला की झोपड़ियों में भीषण आग, परिवार सुरक्षित


यमुनानगर, 12 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले के ताजेवाला गांव में दो झोपड़ियों में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना के समय अंदर बच्चे और महिलाएं मौजूद थी, लेकिन समय रहते सभी बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर के समय मासूम अली और इशरत मोहम्मद ने झोपड़ी से धुआं उठता देखा, जो देखते ही देखते लपटों में बदल गया। स्थिति को भांपते हुए परिवार के सभी सदस्य तुरंत बाहर आ गए। इसके बाद आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई।

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक दोनों झोपड़ियां पूरी तरह जल चुकी थीं और अंदर रखा घरेलू सामान भी नष्ट हो गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रभावित परिवारों को आर्थिक रूप से भारी नुकसान उठाना पड़ा है। मासूम अली ने बताया कि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। वहीं, सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story