यमुनानगर: तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को कुचला, महिला की मौत
यमुनानगर, 22 मई (हि.स.) हिमाचल प्रदेश से उत्तर प्रदेश लौट रहे दंपती की मोटरसाइकिल को यमुनानगर में एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसकी अस्पताल में उपचार के दौरान मृत्यु हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी 33 वर्षीय शबनम खातून के रूप में हुई है। वह तीन बच्चों की मां थी। हादसे के समय वह अपने पति मोहम्मद फियाज के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर हिमाचल प्रदेश के बद्दी से अपने गांव लौट रही थी। मोहम्मद फियाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बद्दी में फास्ट फूड सप्लाई का कार्य करता है।
शुक्रवार को जब वे औरंगाबाद रेस्ट एरिया से आगे सहारनपुर मार्ग स्थित पुल के निकट पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक स्विफ्ट कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से शबनम सड़क पर गिर गई और कार उसके ऊपर से गुजर गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस की सहायता से घायल महिला को सिविल अस्पताल यमुनानगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सदर थाना यमुनानगर के प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है तथा फरार चालक की तलाश जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

