एसवीएसयू पलवल और सुब्रोस में करार, खुलेंगे रोजगार के द्वार
पलवल, 18 मार्च (हि.स.)। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय ने सुब्रोस कंपनी के साथ महत्वपूर्ण करार किया है। इसके अंतर्गत सुब्रोस श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के मिथिला भवन में अपना सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस स्थापित करेगी। इसके माध्यम से विद्यार्थी ऑटोमोबाइल एसी सिस्टम पर काम करने की स्किल सीखेंगे। साथ ही विद्यार्थी सुब्रोस में ऑन द जॉब ट्रेनिंग भी करेंगे।
कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार की उपस्थिति में कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने बुधवार को कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट (एचआर) कपिल सेठ के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने बधाई देते हुए कहा कि यह साझेदारी बहुत बड़ा कदम साबित होगी। इससे विद्यार्थियों को ऑटोमोबाइल एसी सिस्टम पर काम करने और उसे समझने की स्किल मिलेगी। सीएसआर के अंतर्गत बनने वाला यह सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस क्षेत्र के युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में कारगर कदम साबित होगा। कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि ऑटोमोबाइल एसी सिस्टम पर काम करने वाले कुशल लोगों की काफी कमी है। यह सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस इस दिशा में बड़ी उपलब्धि साबित होगा। उन्होंने कहा कि पहले से सीखे हुए काम को मान्यता देकर अपस्किल (आरपीएल) करने की दिशा में भी काम होगा।
सुब्रोस के वाइस प्रेजिडेंट (एचआर) कपिल सेठ ने इस मौके पर कहा कि इस साझेदारी से छात्रों को ट्रेनिंग मिलेगी, नई चीजें सीखने का मौका मिलेगा और असली प्रोडक्शन जैसा लाइव काम भी सीखने को मिलेगा।
कुलसचिव प्रोफेसर ज्योति राणा ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह रोजगार के अवसर बढ़ाने और कौशल के विकास की दिशा में बड़ी पहल है। भविष्य में इसके सुखद परिणाम सामने आएंगे।
श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय के अकादमिक अधिष्ठाता प्रोफेसर विक्रम सिंह ने कहा कि सुब्रोस के साथ यह साझेदारी ऑटोमोबाइल एसी सिस्टम के लिए स्किल मैन पॉवर तैयार करेगी। एयर कंडीशनिंग एवं ऑटोमोबाइल थर्मल मैनेजमेंट के क्षेत्र में रोजगार की काफी संभावनाएं हैं। इंडस्ट्री रिलेशन्स एन्ड एलुमनी अफेयर्स की निदेशक चंचल भारद्वाज ने बताया कि एसवीएसयू और सुब्रोस मिल कर स्किल बढ़ाने के लिए काम करेंगे। छोटे-छोटे कोर्स और वोकेशनल ट्रेनिंग के प्रोग्राम भी चलाए जाएंगे। इसके साथ-साथ ऑन द जॉब ट्रेनिंग, इंटर्नशिप और प्रोजेक्ट पर साझा पहल होगी। रिसर्च और नई तकनीक पर भी काम करेंगे। चंचल भारद्वाज ने बताया कि कंसल्टेंसी के क्षेत्र में भी साझेदारी होगी।
इस अवसर पर सुब्रोस के डिप्टी प्लांट हेड मनोज चौहान, एजीएम (एचआर) पवन यादव और डीजीएम (एचआर) अभिषेक उपाध्याय के अतिरिक्त ग्रीन टेक्नोलॉजी डिपार्टमेंट के चेयरपर्सन प्रोफेसर सुनील गर्ग, परीक्षा नियंत्रक प्रोफेसर सुरेश कुमार, स्किल डिपार्टमेंट ऑफ़ ऑटोमोटिव स्टडी के चेयरपर्सन डॉ. संजय राठौर, एसआईएफ के सीईओ गौरव सिंह, डिप्टी डायरेक्टर अमीष अमेय, डीटीपीओ डॉ. विकास भदौरिया, डिप्टी डायरेक्टर पंकज, नीरू, और एडीडी नीलम भी उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

