मुख्यमंत्री की बैठक में पहुंचे कांग्रेस के निलंबित चार विधायक
चंडीगढ़, 25 नवंबर (हि.स.)। चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी द्वारा बुधवार काे बुलाई गई भाजपा विधायक दल की बैठक में कांग्रेस से निलंबित चार विधायक भी पहुंच गए। मुख्यमंत्री सैनी ने बुधवार को सभी विधायकों से मुलाकात करके उनके हलकों में की गई सीएम घोषणाओं पर रिपोर्ट ली तथा भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया। आम तौर पर मुख्यमंत्री की इस तरह की बैठकें पार्टी लाइन से संबंधित होती हैं लेकिन आज की बैठक उस समय चर्चा में आ गई जब कांग्रेस की टिकट पर चुनाव लड़कर विधानसभा पहुंचे चार विधायक भी इस बैठक में आ गए।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में सीएम घोषणाओं को लेकर हुई बैठक में कांग्रेस से निलंबित किए गए विधायक जरनैल सिंह, रेणुबाला, शैली चौधरी और मोहम्मद इसराइल भी पहुंचे।
सूत्रों के मुताबिक, मीटिंग हॉल में अलग-अलग टेबल लगाई गईं। मुख्यमंत्री ने खुद विधायकों के पास जाकर उनसे वन-टू-वन बातचीत की।
हरियाणा कांग्रेस ने 16 मार्च को हुए राज्यसभा चुनाव में कथित क्रॉस वोटिंग और पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में पांच विधायकों को 16 अप्रैल को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सस्पेंड कर दिया था। इनमें नारायणगढ़ से शैली चौधरी, सढौरा से रेणुबाला, रतिया से जरनैल सिंह, पुन्हाना से मोहम्मद इलियास और हथीन से मोहम्मद इसराइल शामिल हैं।
पार्टी का आरोप था कि इन विधायकों ने कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध के बजाय भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल के पक्ष में वोट किया।
कांग्रेस द्वारा निलंबित किए जाने के बाद उक्त विधायक जिला शिकायत निवारण कमेटी की बैठकों में भी सत्तारूढ़ विधायकों के साथ मंच साझा कर चुके हैं। यही नहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी के दौरे के समय भी यह विधायक उनके साथ रहे हैं और भाजपा द्वारा समय-समय पर किए जाने वाले कार्यक्रमों में भी उक्त विधायकों के नाम अधिकारिक रूप से जारी किए जाते रहे हैं।
रेवाड़ी से भाजपा विधायक लक्ष्मण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री घोषणाओं को लेकर बैठक हुई है। कांग्रेस के कुछ विधायक भी पहुंचे थे। ये लोग भी पब्लिक के नुमाइंदे हैं। सबके लिए मुख्यमंत्री के दरवाजे खुले हैं। बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा ने कहा कि चारों विधायकों ने भी अपने इलाकों की मुख्यमंत्री घोषणाओं को लेकर बात की। मुख्यमंत्री सभी के होते हैं। बैठक में कोई भी विधायक जा सकता है।
बैठक में शामिल हुए जरनैल सिंह ने कहा कि वह सरकार के 2 साल के कामकाज से खुश हैं। भाजपा सरकार के 2 साल के कार्यकाल की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई। सरकार की समीक्षा बैठक में कोई भी विधायक शामिल हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

