नूंह में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, किसान अग्रिम में करें खरीद: डॉ. अनिल कुमार

WhatsApp Channel Join Now
नूंह में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, किसान अग्रिम में करें खरीद: डॉ. अनिल कुमार


नूंह, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में किसानों के लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की टीम ने सोमवार को नूंह और तावड़ू खंड में खाद विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिले में खाद का पर्याप्त स्टॉक पाया गया। विभाग के अनुसार, करीब 60 से 70 प्रतिशत किसान अपनी जरूरत के अनुसार खाद की खरीद पहले ही कर चुके हैं। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार खाद की अग्रिम खरीद कर लें।

कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि आगामी एक-दो दिनों में इफको और आईपीएल कंपनियों की डीएपी खाद की रैक जिले में पहुंचने की संभावना है। इससे खाद की उपलब्धता और बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों की खाद की आवश्यकता वाले किसान प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों (पैक्स) अथवा निजी खाद विक्रेताओं से खरीद कर सकते हैं।

डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि खाद की बिक्री निर्धारित मूल्य पर सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी थोक खाद विक्रेताओं की बैठक बुलाई गई। बैठक में निर्देश दिए गए कि वे अपने अधीनस्थ सभी फुटकर खाद विक्रेताओं को निर्धारित मूल्य पर ही खाद बेचने के लिए स्पष्ट रूप से निर्देशित करें। किसी भी किसान से खाद के लिए निर्धारित कीमत से अधिक राशि नहीं वसूली जानी चाहिए।

कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खाद खरीदते समय निर्धारित मूल्य का ध्यान रखें। यदि कोई विक्रेता खाद के लिए निर्धारित मूल्य से अधिक राशि की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित कृषि विभाग के अधिकारियों को दें, ताकि मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763700 Articles

Share this story