पानीपत: हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन ने किया सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण
पानीपत, 24 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शी ने शुक्रवार को पानीपत के सिविल अस्पताल का औचक निरीक्षण कर महिला स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्थाओं में भारी अव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि आयोग को पिछले काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि सिविल अस्पताल में महिला मरीजों की संख्या अधिक होने के बावजूद सुविधाएं पर्याप्त नहीं हैं। महिलाओं को पर्ची बनवाने, डॉक्टर को दिखाने और विभिन्न जांच कराने के लिए घंटों लंबी कतारों में इंतजार करना पड़ता है। कई बार लंबे इंतजार के बाद भी उन्हें विभिन्न कारण बताकर वापस भेज दिया जाता है। निरीक्षण के दौरान उषा प्रियदर्शनी ने सबसे पहले पैथोलॉजी लैब पहुंचीं। यहां उन्होंने देखा कि बड़ी संख्या में महिलाएं अव्यवस्थित तरीके से लाइन में खड़ी थीं और काफी देर से अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। यह देखकर चेयरपर्सन ने लैब कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए कहा, यह क्या सब्जी मंडी बना रखी है। यहां आप सब्जी बेच रहे हैं, बोली लगा रहे हैं या मरीजों को सुविधा देने बैठे हैं।
निरीक्षण के दौरान चेयरपर्सन ने लाइन में खड़ी महिलाओं से भी बातचीत की। महिलाओं ने बताया कि वे पिछले एक घंटे से अधिक समय से लाइन में खड़ी हैं, लेकिन उनकी पर्चियां काफी देर बाद लेना शुरू किया गया। उन्होंने अस्पताल में अव्यवस्था और लंबे इंतजार की समस्या से चेयरपर्सन को अवगत कराया। चेयरपर्सन ने सिविल सर्जन एवं सीएमओ डॉ. विजय मलिक से कहा कि अस्पताल की व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं और इन्हें तुरंत सुधारने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मरीजों को अनावश्यक रूप से लंबी कतारों में खड़ा न रहना पड़े तथा अस्पताल में बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाली गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ अन्य सभी महिलाओं को भी समान रूप से प्राथमिकता और सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं मिलनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा के लिए व्यवस्था को सही किया जाए ताकि किसी भी महिला को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

