हिसार में सीएम फ्लाइंग टीम ने किया दो नशा मुक्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
हिसार में सीएम फ्लाइंग टीम ने किया दो नशा मुक्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण


हिसार में सीएम फ्लाइंग टीम ने किया दो नशा मुक्ति केंद्रों का औचक निरीक्षण


टीम ने व्यवस्थाओं की गहनता से जांच कीहिसार, 29 अप्रैल (हि.स.)। सीएम फ्लाइंग टीम ने दो नशा मुक्ति केंद्रों पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की गहन जांच की। टीम ने स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ मिलकर रिकॉर्ड, लाइसेंस, दवाइयों के स्टॉक और मरीजों की सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। जांच के बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज की इंचार्ज सुनैना के नेतृत्व में बुधवार काे हुई इस कार्रवाई में डॉक्टर अनिल आहुजा, डॉक्टर अक्षय दुहन, एएसआई सुरेंद्र और एचसी जितेंद्र भी शामिल रहे।टीम ने शहर स्थित गुप्ता हॉस्पिटल के नशा मुक्ति केंद्र में पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। यहां पर सभी दस्तावेजों और रिकॉर्ड की विस्तार से जांच की गई। जांच के दौरान केंद्र का लाइसेंस वैध पाया गया। रिकॉर्ड के अनुसार जनवरी से मार्च तक 8 मरीज भर्ती हुए थे, जिन्हें उपचार के बाद डिस्चार्ज किया जा चुका है। इसके अलावा पिछले महीने भर्ती किए गए तीन मरीजों को भी स्वस्थ होने के बाद घर भेज दिया गया। टीम ने दवाइयों के स्टॉक का मिलान किया और उपलब्ध संसाधनों की स्थिति का भी जायजा लिया। जिसकी रिपोर्ट तैयार की गई है।टीम ने अंकुश फाउंडेशन नशा मुक्ति केंद्र का निरीक्षण किया। यहां मौके पर 30 मरीज भर्ती मिले, जो केंद्र के लाइसेंस के अनुरूप थे। निरीक्षण के दौरान टीम को कोई भी प्रतिबंधित दवा नहीं मिली। टीम ने मरीजों से सीधे बातचीत कर उनकी स्थिति जानी। मरीजों ने बताया कि उन्हें केंद्र में रहने, खाने और इलाज की उचित सुविधाएं मिल रही हैं तथा स्टाफ का व्यवहार भी अच्छा है। मरीज अपने परिवार की सहमति से यहां इलाज के लिए भर्ती हुए हैं।सीएम फ्लाइंग हिसार रेंज इंचार्ज सुनैना ने कहा कि सभी नशा मुक्ति केंद्र संचालकों को सरकार द्वारा निर्धारित नियमों का कड़ाई से पालन करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र का वैध लाइसेंस होना अनिवार्य है और मरीजों का उपचार योग्य डॉक्टरों की निगरानी में ही किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मरीजों के साथ मानवीय व्यवहार करना, साफ-सफाई बनाए रखना और भोजन व रहने की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करना संचालकों की जिम्मेदारी है।प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। नशा छोड़ने के लिए लोगों को प्रेरित करने हेतु समय-समय पर मोटिवेशनल कैंप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उद्देश्य यही है कि समाज को नशामुक्त बनाकर एक स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा सके। उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story