हांसी : चानौत धरने को मिला खापों का समर्थन, 20 खाप प्रतिनिधि पहुंचे

WhatsApp Channel Join Now
हांसी : चानौत धरने को मिला खापों का समर्थन, 20 खाप प्रतिनिधि पहुंचे


टी-कनेक्शन की मांग पर धरना 43वें दिन भी जारी,

हांसी, 27 जून (हि.स.)। बरवाला रोड स्थित गांव चानौत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन

से टी-कनेक्शन की मांग पर ग्रामीणों के धरने के 43वें दिन अनेक खाप प्रतिनिधि मौके

पर पहुंचे और धरने का समर्थन किया। ग्रामीण अपनी मांगों पर धरनास्थल पर डटे रहे और

सरकार से जल्द समाधान की मांग की।

इधर, हांसी लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) विश्रामगृह में शनिवार काे आयोजित पत्रकार

वार्ता के दौरान हांसी, हिसार, भिवानी और जींद जिले की करीब 20 खापों के प्रतिनिधियों

ने चानौत जल आंदोलन को अपना समर्थन देने की घोषणा की।

खाप प्रतिनिधियों ने कहा कि चानौत के ग्रामीण अपनी मूलभूत आवश्यकता पेयजल के

लिए शांतिपूर्ण संघर्ष कर रहे हैं। उनकी मांग पूरी तरह न्यायसंगत है और सरकार को बिना

किसी देरी के गांव को भाखड़ा पाइपलाइन से टी-कनेक्शन देकर स्थायी पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित

करनी चाहिए। खाप नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो 24 खापें आंदोलन

के साथ मजबूती से खड़ी रहेंगी और आगे की रणनीति भी सामूहिक रूप से तय की जाएगी। उन्होंने

प्रशासन से बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालने और ग्रामीणों की मांगों को स्वीकार

करने की अपील की। धरना स्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने भी स्पष्ट किया कि जब तक चानौत गांव की पेयजल

समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता और टी-कनेक्शन नहीं दिया जाता, तब तक उनका आंदोलन

लगातार जारी रहेगा।

रोघी खाप के प्रधान सुमेर सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की भूमिका शुरू से ही

संदेह के घेरे में है। उन्होंने कहा कि पहले भाखड़ा पाइपलाइन पर टी-कनेक्शन लगवाया

गया और बाद में भारी पुलिस बल की मौजूदगी में उसे उखाड़ दिया गया। उन्होंने सवाल किया

कि यदि सोमेश सरकार की ओर से भेजा गया व्यक्ति था तो स्पष्ट किया जाए कि वह किन-किन

लोगों के संपर्क में था और टी-कनेक्शन कहां से लाया गया। बैठक में चेतावनी दी गई कि यदि सरकार ने चानौत गांव की पेयजल समस्या का जल्द

समाधान नहीं किया तो हरियाणा से बाहर की खाप पंचायतों को भी आंदोलन में शामिल होने

का आह्वान किया जाएगा। खाप नेताओं ने कहा कि सभी साक्ष्य और दस्तावेज धरना स्थल पर

उपलब्ध हैं। सच्चाई जानने वाला कोई भी वहां जाकर देख सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story