गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी करेगी बिजली आपूर्ति

WhatsApp Channel Join Now

- एचईआरसी ने अंतिम सुनवाई के बाद जारी किया नोटिस

- कंपनी सात दिन में देगी स्वीकृति

चंडीगढ़, 19 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा सरकार तथा कर्मचारी संगठनों के विरोध के बावजूद हरियाणा विद्युत विनियामक आयोग ने गुरुग्राम तथा नूंह जिलों में निजी क्षेत्र की कंपनी को बिजली आपूर्ति के लिए हरी झंडी प्रदान कर दी है। अंतिम सुनवाई के बाद आयोग की तरफ से कंपनी को एक सप्ताह का नोटिस जारी किया गया है। जिसमें कंपनी अपनी स्वीकृति प्रदान करते हुए सभी औपचारिकताएं पूरी करेगी।

आयोग ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को गुरुग्राम और नूह में बिजली आपूर्ति और वितरण के लिए लाइसेंस जारी कर दिया है। विद्युत अधिनियम, 2003 के तहत जारी इस फैसले के बाद, अब हरियाणा में सरकारी बिजली निगम 'दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एकाधिकार का अंत हो गया है। गुरुग्राम और नंूह के उपभोक्ताओं को अब अपनी पसंद की बिजली वितरण कंपनी चुनने का विकल्प मिलेगा।

आयोग में यह मामला लंबे समय से विचाराधीन था। निजी कंपनी इलेवन पावर इन दोनों जिलों में लगभग 4,717 करोड़ रुपये का भारी-भरकम पूंजीगत निवेश कर अपना स्वतंत्र और आधुनिक बिजली नेटवर्क स्थापित करेगी। कंपनी ने इस परियोजना के लिए शीर्ष इंफ्रास्ट्रक्चर और टेक्नोलॉजी कंपनियों के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। कंपनी ने अपनी योजना में दावा किया है कि नए नेटवर्क को हरित ऊर्जा (रिन्यूएबल एनर्जी), सोलर, विंड, स्मार्ट-मीटरिंग टेक्नोलॉजी और एडवांस्ड ग्रिड इंफ्रास्ट्रक्चर से लैस किया जाएगा। इससे न केवल औद्योगिक और वाणिज्यिक इकाइयों को बिना ट्रिपिंग के निर्बाध बिजली मिलेगी, बल्कि डीजल जनरेटरों पर निर्भरता घटने से प्रदूषण में भी बड़ी कमी आएगी।

सार्वजनिक सुनवाई और कई बैठकों के बाद जारी इस आदेश में विनियामक आयोग ने उपभोक्ताओं के अधिकारों की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित की है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि लाइसेंस प्राप्त करने वाली निजी कंपनी पर 'यूनिवर्सल सर्विस ऑब्लिगेशन लागू होगा, जिसके तहत वह किसी भी उपभोक्ता को कनेक्शन देने से इनकार नहीं कर सकती है। कंपनी अगले पांच वर्षों में चरणबद्ध तरीके से अपना नेटवर्क फैलाएगी। आयोग ने उपभोक्ताओं की आसानी के लिए एक पारदर्शी 'माइग्रेशन प्रोटोकॉल भी निर्धारित किया है। कंपनी को 25 वर्ष के लिए समानांतर बिजली वितरण की मंजूरी दी गई है।

गुरुग्राम के इन क्षेत्रों में निजी कंपनी को सप्लाई का प्रस्ताव

गुरुग्राम नगर निगम

मानेसर नगर निगम

सोहना नगर परिषद

पटौदी मंडी नगर परिषद

फर्रूखनगर समिति

नूंह के इन क्षेत्रों में निजी कंपनी को सौंपने का प्रस्ताव

नूंह

पुन्हाना

फिरोजपुर झिरका

तावडू नगर परिषद

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763674 Articles

Share this story