सोनीपत: खेल विश्वविद्यालय में प्रवेश के लिए बढ़ी प्रतिस्पर्धा, 930 आवेदन
सोनीपत, 25 जून (हि.स.)। हरियाणा
खेल विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश पंजीकरण के संदर्भ में
कुलपति अशोक कुमार ने गुरुवार को बताया कि इस वर्ष प्रवेश प्रक्रिया में प्रतिस्पर्धा
बढ़ी है। विश्वविद्यालय के 30 शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए अब तक लगभग 930 आवेदन प्राप्त
हो चुके हैं।
उन्होंने
बताया कि पिछले वर्ष 28 कार्यक्रमों के लिए 15 जुलाई तक आवेदन मांगे गए थे, जिनके लिए
लगभग 1100 आवेदन मिले थे। प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने के बाद विश्वविद्यालय में नए
और पुराने विद्यार्थियों सहित लगभग 750 विद्यार्थी नामांकित थे। इसी आधार पर हरियाणा
खेल विश्वविद्यालय शारीरिक शिक्षा और खेलों के क्षेत्र में देश का तीसरा सबसे बड़ा
विश्वविद्यालय बना था।
कुलपति
के अनुसार इस वर्ष प्राप्त आवेदनों में लगभग 28 प्रतिशत महिला अभ्यर्थियों के हैं।
वहीं लगभग 70 प्रतिशत आवेदन हरियाणा के अभ्यर्थियों से मिले हैं, जबकि शेष आवेदन अन्य
राज्यों से प्राप्त हुए हैं। स्नातक पाठ्यक्रमों में बीपीईएस तथा बीएससी स्पोर्ट्स
साइंस के प्रति विद्यार्थियों का विशेष रुझान देखने को मिल रहा है। इन दोनों पाठ्यक्रमों
के लिए अब तक लगभग 350 आवेदन प्राप्त हुए हैं। स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में
एथलेटिक्स डिप्लोमा को सबसे अधिक पसंद किया जा रहा है और इसमें आवेदनों की संख्या
100 के करीब पहुंच चुकी है।
विश्वविद्यालय
में एथलेटिक्स के लिए जंपिंग, रनिंग और थ्रोइंग स्पर्धाओं के विशेषज्ञ प्रशिक्षकों
की उपलब्धता अभ्यर्थियों को आकर्षित कर रही है। इसके अलावा ओलंपिक पदक विजेता नीरज
चोपड़ा की उपलब्धियों से भी युवाओं में एथलेटिक्स के प्रति रुचि बढ़ी है।
बॉक्सिंग,
कबड्डी, शूटिंग, हॉकी, बास्केटबॉल और कुश्ती पाठ्यक्रमों में भी इस वर्ष अच्छा उत्साह
है। विद्यार्थियों की मांग को देखते हुए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर आठ जुलाई कर दी
गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 14 जुलाई को बीपीईएस की प्रवेश परीक्षा होगी।
15 जुलाई को एमपीईएस, एमएससी और बीएससी की शारीरिक प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी।
16 और 17 जुलाई को पीजी डिप्लोमा कोचिंग पाठ्यक्रमों तथा 18 जुलाई को पीजी डिप्लोमा
स्पोर्ट्स साइंस कार्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

