पलवल: सरकार आंदोलन करने वालों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही: सुनैना चौटाला

WhatsApp Channel Join Now
पलवल: सरकार आंदोलन करने वालों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही: सुनैना चौटाला


पलवल, 14 सितंबर (हि.स.)। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की वरिष्ठ नेत्री सुनैना चौटाला सोमवार को पलवल पहुंचीं। यहां वरिष्ठ इनेलो नेता सतपाल देशवाल की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कार्यकर्ताओं और लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने 27 सितंबर को नूंह में होने वाली इनेलो की सम्मान दिवस रैली की तैयारियों का जायजा लिया और लोगों को रैली में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। यह रैली चौधरी देवीलाल जयंती समारोह के अवसर पर आयोजित की जा रही है।

जनसभा को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज हरियाणा में किसान, कर्मचारी, युवा और अन्य वर्ग अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरने को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान करने के बजाय आंदोलन करने वालों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी आम जनता के लिए बड़ी चुनौती बन चुकी है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर टैक्स का बोझ बढ़ने से आम आदमी परेशान है। उन्होंने भाजपा के पुराने चुनावी वादों पर भी सवाल उठाए। पलवल के औद्योगिक क्षेत्रों का मुद्दा उठाते हुए सुनैना चौटाला ने कहा कि क्षेत्र में उद्योग होने के बावजूद स्थानीय युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान सुनैना चौटाला ने इनेलो नेत्री संगीता देशवाल को संबोधित करते हुए पार्टी में उनकी सक्रिय भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि संगीता देशवाल पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं और संगठन को मजबूत करने के लिए लगातार मेहनत कर रही हैं।

संगीता देशवाल ने कहा कि चौधरी देवीलाल की विचारधारा किसान, मजदूर, गरीब और कमेरे वर्ग के हितों की आवाज रही है। 27 सितंबर को नूंह में होने वाली सम्मान दिवस रैली में पलवल क्षेत्र से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।

वरिष्ठ इनेलो नेता सतपाल देशवाल ने कहा कि नूंह में होने वाली सम्मान दिवस रैली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। पलवल से बड़ी संख्या में लोग रैली में पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाना और आम लोगों की समस्याओं को मजबूती से उठाना इनेलो का उद्देश्य है। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष महेंद्र चौहान, महिला मोर्चा की सुनीता सौरोत, बलदेव देशवाल सहित बड़ी संख्या में इनेलो कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

Share this story