हिसार : राजेन्द्र सोरखी हांसी व सुभाष कुंडू बने हिसार जिला आआपा प्रधान
हिसार, 02 जनवरी (हि.स.)। आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने हरियाणा में पार्टी
को और अधिक सक्रिय करने के उद्देश्य से जिला व विधानसभा हल्का स्तर पर नियुक्तियां की
हैं। इसके तहत राजेन्द्र सोरखी को हांसी व सुभाष कुंडू को हिसार जिला अध्यक्ष नियुक्त
करते हुए अन्य नियुक्तियां भी की गई हैं। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने शुक्रवार काे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय
संयोजक अरविंद केजरीवाल व अन्य वरिष्ठ नेताओं से विचार-विमर्श करके अब तक हिसार जिले
के प्रधान रहे राजेन्द्र सोरखी को हांसी जिले का प्रधान व सुभाष चंद्र कुण्डू को हिसार
जिले का प्रधान तथा फौजी सीताराम रेपसवाल को पार्टी का जिला प्रवक्ता बनाया है। इनके
अलावा शक्ति सरपंच को बरवाला, सुभाष लोहान को नारनौंद,
सूरजभान फौजी को आदमपुर का प्रधान व अजय कल्याण को आम आदमी पार्टी की एससी विंग
का हिसार जिला प्रधान नियुक्त किया गया है। अपनी नियुक्ति पर सभी नेताओं ने पार्टी
के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, प्रदेशाध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता सहित सभी वरिष्ठ
नेताओं का आभार जताया है। हांसी जिला के नवनियुक्त जिला प्रधान राजेन्द्र सोरखी ने
कहा कि हाल ही में हांसी को हरियाणा का नया जिला बनाया गया है। वे पार्टी की नीतियों को
घर-घर पहुंचाने में पहले से भी अधिक मेहनत करेंगे। पार्टी को ऊंचाईयों पर ले जाने में
कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

