नूंह: दिहाना स्कूल की छात्राओं ने प्रयोगशाला में सीखी पानी की शुद्धता जांचने की वैज्ञानिक प्रक्रिया

WhatsApp Channel Join Now
नूंह: दिहाना स्कूल की छात्राओं ने प्रयोगशाला में सीखी पानी की शुद्धता जांचने की वैज्ञानिक प्रक्रिया


नूंह, 19 नवंबर (हि.स.)। विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक और वैज्ञानिक जानकारी उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दिहाना के विज्ञान संकाय की छात्राओं ने नूंह स्थित जिला पेयजल जांच प्रयोगशाला का गुरुवार काे शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान छात्राओं ने पेयजल की गुणवत्ता जांचने की विभिन्न वैज्ञानिक प्रक्रियाओं और तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।

प्रयोगशाला में जिला रसायनशास्त्री ताहिर हुसैन ने छात्राओं को पानी की गुणवत्ता जांचने के भौतिक एवं रासायनिक मानकों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि प्रयोगशाला में विभिन्न वैज्ञानिक परीक्षणों के माध्यम से पेयजल की शुद्धता और गुणवत्ता का आकलन किया जाता है। उन्होंने छात्राओं को पानी की जांच की प्रक्रिया और दैनिक जीवन में इसकी उपयोगिता से भी अवगत कराया। इस अवसर पर जिला सलाहकार नरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल स्वस्थ जीवन का आधार है। दूषित पानी के सेवन से कई प्रकार की जलजनित बीमारियां हो सकती हैं। इसलिए पेयजल की नियमित जांच और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे स्वयं सुरक्षित पेयजल के महत्व को समझें और अपने परिवार तथा समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य छात्राओं को प्रयोगशाला में होने वाली वास्तविक वैज्ञानिक जांच प्रक्रियाओं से परिचित करवाना तथा पेयजल की गुणवत्ता के प्रति वैज्ञानिक सोच विकसित करना रहा। इस मौके पर खंड संसाधन समन्वयक मोहम्मद जैकम, रसायनशास्त्र सहयोगी इरफान, वाहिद, रवि और रोहित सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779687 Articles

Share this story