हिसार : गांवों में बसों की कमी से विद्यार्थी और ग्रामीण परेशान

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : गांवों में बसों की कमी से विद्यार्थी और ग्रामीण परेशान


रोडवेज महाप्रबंधक को सौंपा मांग पत्र

हिसार, 23 नवंबर (हि.स.)। खरड़ अलीपुर सहित आसपास के गांवों में हरियाणा रोडवेज

की पर्याप्त बस सुविधा नहीं होने से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, महिलाओं और आम

यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बसों की कमी के कारण स्कूल-कॉलेज

जाने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। इस समस्या को लेकर ग्रामीणों

ने हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक को मांग पत्र सौंपकर हिसार-हांसी मार्ग पर खरड़ अलीपुर

सहित आसपास के गांवों को जोड़ते हुए पर्याप्त बस सेवाएं शुरू करने की मांग की है।

बहुजन नेता प्रदीप भानखड़ ने साेमवार काे कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बुनियादी

सुविधाओं के लिए आखिर कब तक संघर्ष करना पड़ेगा। बसों की कमी के कारण विद्यार्थियों

का समय और पढ़ाई प्रभावित हो रही है तथा आम नागरिकों को भी रोजाना परेशानियां झेलनी

पड़ रही हैं। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं की समस्या उठाते हुए बताया कि दोपहर

2:30 बजे गांवों की ओर जाने वाली बस का कोई निश्चित समय नहीं है। यह बस कभी 3:30 बजे,

कभी 4 बजे तो कभी 4:30 बजे पहुंचती है। इसके चलते छात्राओं को पहले ऑटो से बस पकड़ने

के स्थान तक आना पड़ता है और फिर घंटों बस का इंतजार करना पड़ता है। इससे उनका समय

और पैसा दोनों बर्बाद होते हैं। उन्होंने रोडवेज विभाग से बसों का समय निर्धारित कर

नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि 30 नवंबर तक ग्रामीणों की मांग पूरी नहीं हुई तो हिसार बस स्टेंड के सामने धरना दिया जाएगा।

ग्रामीण अपने अधिकारों के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ेंगे।

पवन बलराज सातरोड़ ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शिक्षा

प्राप्त करने के लिए परिवहन जैसी बुनियादी सुविधा के अभाव में परेशान होना दुर्भाग्यपूर्ण

है। सरकार ग्रामीण विकास और शिक्षा को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी स्तर

पर गांवों के बच्चों को स्कूल और कॉलेज पहुंचने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। विशेष

रूप से छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षा को ध्यान में रखते हुए रोडवेज विभाग को इस समस्या

का प्राथमिकता से समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि परिवहन सुविधा के अभाव में किसी

भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए। ग्रामीणों की मांग जायज है और विभाग

को तुरंत पर्याप्त बस सेवाएं शुरू करनी चाहिए।

इस अवसर पर सुरेंद्र सहरावत, राहुल भानखड़, विक्रम, अंजू, प्रीति, पूजा, अनीता,

सोनिया, रिया, पूजा वर्मा, बंटी सहरावत, मनीषा सहरावत, रीतू सहरावत, दीक्षा सहरावत

और प्रदीप राजोरिया सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781807 Articles

Share this story