हिसार : मार्शल आर्ट : केएल आर्य डीएवी स्कूल व श्री देवी भवन स्कूल के विद्यार्थियों ने हासिल की ब्लैक बेल्ट
ब्लैक बेल्ट परीक्षा में केएल आर्य डीएवी स्कूल
व श्री देवी भवन स्कूल के विद्यार्थियों ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करके मोह लिया मन
सेल्फ डिफेंस में निपुणता हासिल करके चार विद्यार्थियों
ने प्राप्त की ब्लैक बेल्ट
हिसार, 15 मार्च (हि.स.)। सेल्फ डिफेंस स्पोर्ट्स
सोसायटी की ओर से आयोजित सेल्फ डिफेंस बेल्ट टेस्ट में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा
का लोहा मनवाया। इस विशेष परीक्षण में शहर के प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्र-छात्राओं
ने हिस्सा लिया, जिसमें उनके तकनीकी कौशल और शारीरिक क्षमता का कड़ा आकलन किया गया।
सोसायटी के संस्थापक और प्रसिद्ध सेल्फ डिफेंस
कोच रोहतास कुमार की देखरेख में रविवार काे आयोजित इस टेस्ट में केएल आर्य डीएवी स्कूल व श्री
देवी भवन स्कूल के विद्यार्थियों ने ब्लैक बेल्ट प्राप्त की। ब्लैक बेल्ट परीक्षा में
केएल आर्य स्कूल से अनुष्का व काफी एवं श्री देवी भवन स्कूल के दीपांशु ठाकुर व विशाल
वर्मा ने श्रेष्ठ प्रदर्शन करके सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों की उपलब्धि
पर केएल आर्य डीएवी स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. चंद्र प्रकाश और श्री देवी भवन स्कूल
प्रबंधन ने खुशी जाहिर की। सेल्फ डिफेंस स्पोट्र्स सोसायटी के सदस्य संदीप कुमार भी
विशेष रूप से उपस्थित रहे। प्रधानाचार्यों ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा
कि अनुशासन और कड़ी मेहनत ही सफलता की असली कुंजी है। सेल्फ डिफेंस न केवल आपको शारीरिक
रूप से मजबूत बनाता है बल्कि आत्मविश्वास और आत्मरक्षा के गुण भी सिखाता है। उन्होंने
अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में बढ़-चढक़र भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कोच रोहतास कुमार ने बताया कि सेल्फ डिफेंस स्पोर्ट्स
सोसायटी विद्यार्थियों को आत्मरक्षा में निपुण करने के लिए प्रयासरत है। विशेषकर छात्राओं
को सेल्फ डिफेंस सिखाकर उनमें आत्मविश्वास का संचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया
कि हिसार सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों व अन्य क्षेत्रों में विद्यार्थियों को सफलतापूर्वक
सेल्फ डिफेंस का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

