यमुनानगर: 11वीं कक्षा की छात्रा ने फंदा लगाकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 21 जून (हि.स.) यमुनानगर के दुर्गा नगर क्षेत्र में 11वीं कक्षा की एक छात्रा द्वारा घर में फंदा लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के समय वह घर पर अकेली थी। सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे घटना के कारणों को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मृतका की पहचान 15 वर्षीय आयुषी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार वह परिवार की सबसे छोटी बेटी थी और पढ़ाई में मेधावी छात्रा मानी जाती थी। उसके पिता विजय कुमार मजदूरी का कार्य करते हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि रविवार सुबह आयुषी सामान्य दिनचर्या में व्यस्त थी। उसने स्वयं रसोई का कार्य संभालते हुए परिवार के लिए भोजन तैयार किया और सभी को खाना खिलाया। इसके बाद वह मंदिर गई और करीब 11 बजे घर लौट आई। उस समय घर के अन्य सदस्य अपने-अपने कार्यस्थलों पर जा चुके थे। दोपहर को जब उसकी मां भोजन के लिए घर पहुंचीं तो उन्होंने आयुषी को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया।

घटना का पता चलते ही आसपास के लोग एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार के संघर्ष या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस को कोई लिखित संदेश भी नहीं मिला है, जिससे आत्महत्या के पीछे की वजह का तत्काल पता लगाया जा सके। परिजनों का कहना है कि सुबह तक आयुषी का व्यवहार पूरी तरह सामान्य था और उसने किसी प्रकार की परेशानी या तनाव का संकेत नहीं दिया था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार परिजनों तथा आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story