सिरसा: झाड़-फूंक के बहाने छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी तांत्रिक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: झाड़-फूंक के बहाने छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी तांत्रिक गिरफ्तार


सिरसा, 28 मई (हि.स.)। जिले क्षेत्र में एक तांत्रिक बाबा द्वारा नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। तांत्रिक झाड़-फूंक के बहाने घर पहुंचा और समस्याओं के समाधान की बात कही, परिवार के सदस्यों ने एक-एक कर बंद कमरे में अपनी समस्याएं तांत्रिक के समक्ष रखी। जब नागालिग युवती का नंबर आया तो तांत्रिक ने उसे डरा-धमका कर दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया। बाद में परिवार पुलिस थाना पहुंचा और आरोपी तांत्रिक के खिलाफ शिकायत दी।

उपनिरीक्षक कोमल सिंह ने गुरुवार को बताया कि पीडि़ता ने अपने परिजनों के साथ महिला थाना में आकर महिला अधिवक्ता तथा महिला पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में बयान दर्ज करवाए हैं। पीडि़ता ने बताया कि बीती 23 मई को तांत्रिक बाबा उनके घर पर आया और एक बंद कमरे में बैठकर झाड़-फूंक के बहाने समस्याओं का समाधान करने लगा। घर के अन्य सदस्य भी कमरे में जाकर अपनी समस्याएं रख रहे थे।

पीडि़ता ने बताया कि जब उसकी बारी आई तो तांत्रिक बाबा ने उसके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया और कहा किसी को बताया तो तुम्हें और तुम्हारे परिवार को जान से मार दूंगा। पुलिस ने पीडि़ता का मेडिकल परीक्षण करवाने के उपरांत लीगल एडवाइजर एवं मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी लाल मोहम्मद को जिला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story