हरियाणा में विद्यार्थी अब ऑनलाइन चुन सकेंगे स्ट्रीम और विषय

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 31 मार्च (हि.स.)। हरियाणा सरकार ने बुधवार से प्रदेश में शुरू हो रहे नए शिक्षा सत्र के दौरान 11वीं कक्षा के विद्यार्थियों को राहत देने हुए ऑनलाइन अपनी पसंद के विषय चुनने का अवसर प्रदान किया है। छात्रों को अपनी स्ट्रीम और विषय चुनने के लिए स्कूल के कार्यालय में लाइन नहीं लगानी होगी, बल्कि वे सीधे एमआईएस पोर्टल पर जाकर अपनी पसंद के विषयों का चयन कर सकेंगे।

इस डिजिटल कदम से हरियाणा के करीब 5 लाख से ज्यादा छात्र सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को निर्देश जारी किए हैं कि स्कूल एमआईएस पोर्टल पर विषय चयन के नए विकल्प तुरंत उपलब्ध कराए जाएं। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद फैसले को सत्र 2026-27 से पूरी तरह लागू किया जा रहा है।

सरकारी स्कूलों में पढऩे वाले छात्र अब मेडिकल, नॉन-मेडिकल और कॉमर्स जैसी स्ट्रीम का चयन ऑनलाइन कर सकेंगे। अब छात्र फिजिकल एजुकेशन को एक वैकल्पिक विषय के रूप में चुन पाएंगे। इससे स्कूल प्रशासन के लिए भी छात्रों का डेटा मैनेज करना आसान और व्यवस्थित हो जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य छात्रों को उनकी रुचि के अनुसार विषय चुनने की आजादी देना है। अक्सर ऑफलाइन प्रक्रिया में छात्रों को सही जानकारी नहीं मिल पाती थी, लेकिन अब पोर्टल पर सभी विकल्प मौजूद होने से वे सोच-समझकर अपना भविष्य चुन सकेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story