यमुनानगर: स्कूल की बंद इमारत में फंदे से लटका मिला दसवीं का छात्र

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर: स्कूल की बंद इमारत में फंदे से लटका मिला दसवीं का छात्र


यमुनानगर, 16 जुलाई (हि.स.) यमुनानगर जिले के छछरौली स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय में दसवीं कक्षा के एक छात्र का शव विद्यालय परिसर की बंद पड़ी जर्जर इमारत में फंदे से लटका मिला। छात्र बुधवार को स्कूल की छुट्टी के बाद घर नहीं पहुंचा था। पूरी रात परिजनों और पुलिस ने उसकी तलाश की, जिसके बाद गुरुवार सुबह विद्यालय परिसर में उसका शव बरामद हुआ।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव पंजेटो निवासी कमलदीप के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बुधवार को विद्यालय से छुट्टी होने के बाद वह घर नहीं लौटा। देर रात तक खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला, जिस पर पुलिस को सूचना दी गई। जांच के दौरान छात्र का स्कूल बैग और साइकिल भी विद्यालय परिसर में ही मिले।

गुरुवार सुबह पुलिस और परिजनों ने विद्यालय में दोबारा तलाशी अभियान चलाया। इसी दौरान परिसर में स्थित एक परित्यक्त भवन के भीतर कमलदीप फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

विद्यालय की प्राचार्य ऊषा रानी ने बताया कि नियमित छुट्टी के बाद सभी विद्यार्थी घर चले गए थे। छात्र दोबारा विद्यालय परिसर में कब और कैसे पहुंचा, यह अभी स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि जिस भवन से छात्र का शव मिला, वह काफी समय से बंद और अनुपयोगी घोषित है।

पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्य तथा अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story