यमुनानगर:यमुना नदी में डूबने से 12वीं के छात्र की मौत, दो घंटे बाद मिला शव
यमुनानगर, 26 मई (हि.स.) यमुनानगर जिले के बूडिया थाना क्षेत्र में यमुना नदी में स्नान के दौरान 12वीं कक्षा के एक छात्र की डूबने से मृत्यु हो गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस और गोताखोरों की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान चलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। मृतक की पहचान गांव साबापुर निवासी 18 वर्षीय प्रज्ज्वल के रूप में हुई है। वह गांव की पूर्व सरपंच आशा रानी का भतीजा बताया गया है और 12वीं कक्षा में अध्ययनरत था।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रज्ज्वल अपने मित्र आयुष और उसके रिश्तेदार के साथ पहले पश्चिमी यमुना नहर क्षेत्र में गया था। इसके बाद सभी लोग ओदरी घाट स्थित यमुना नदी पर पहुंचे। स्नान के दौरान प्रज्ज्वल अचानक नदी के गहरे हिस्से में चला गया। बताया जा रहा है कि उसे तैरना नहीं आता था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को पानी में डूबता देख साथियों ने शोर मचाया और उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए और अपने स्तर पर तलाश शुरू की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद बूडिया थाना पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। लंबे सर्च अभियान के बाद युवक का शव बरामद कर लिया गया। शव मिलने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। जांच अधिकारी इंतियाज अली ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

