यमुनानगर:दो दिन की तलाश के बाद नहर से मिला छात्र का शव

WhatsApp Channel Join Now
यमुनानगर:दो दिन की तलाश के बाद नहर से मिला छात्र का शव


यमुनानगर, 09 जून (हि.स.) यमुनानगर के हमीदा हेड क्षेत्र में पश्चिमी यमुना नहर में लापता हुए 17 वर्षीय छात्र का शव घटना के दो दिन बाद बरामद कर लिया गया। लगातार चलाए गए खोज अभियान के बाद सोमवार देर शाम रादौर क्षेत्र के निकट नहर में शव दिखाई देने पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने उसे बाहर निकाला।

मृतक की पहचान शादीपुर निवासी शिवम के रूप में हुई है। वह रविवार को अपने मित्र किरणजीत के साथ घर से निकला था। परिजनों के अनुसार दोनों युवकों का प्रारंभिक कार्यक्रम स्विमिंग पूल जाने का था, लेकिन बाद में उन्होंने हमीदा हेड के पास पश्चिमी यमुना नहर में स्नान करने का निर्णय लिया। जानकारी के अनुसार नहर में उतरने के दौरान तेज जलधारा के कारण दोनों युवक संतुलन खो बैठे।

किरणजीत ने किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, जबकि शिवम पानी के बहाव में बह गया और लापता हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस, गोताखोरों और स्थानीय लोगों ने व्यापक स्तर पर तलाश अभियान शुरू किया। लगातार दो दिनों तक नहर के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की गई। गोताखोरों ने नहर के किनारों, झाड़ियों और संभावित क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चलाया। सोमवार देर शाम रादौर क्षेत्र के पास नहर में एक शव बहता दिखाई दिया।

सूचना पर पहुंची टीम ने शव को बाहर निकालकर पहचान कराई, जिसकी पुष्टि शिवम के रूप में हुई।

मृतक के पिता उपेंद्र तिवारी ने बताया कि शिवम उनकी इकलौती संतान था। परिवार ने उसे नहर में जाने से मना किया था, लेकिन वह मित्र के साथ वहां चला गया। घटना के बाद से परिवार लगातार उसके सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए बैठा था। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। छात्र की असामयिक मृत्यु से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story