सिरसा में छात्र ने अध्यापक को पेचकस से गोदा, आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now

सिरसा, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले में छात्र द्वारा एक अध्यापक की गर्दन पर पेचकस से कई वार कर घायल कर दिया गया। घायल अध्यापक को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गया।

यह घटना जिले के नाथूसरी चौपटा खंड के गांव जमाल के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को घटी। आरोपी दसवीं कक्षा का छात्र है। छात्र ने पेचकस से अध्यापक की गर्दन पर तीन से चार वार किए, जिससे अध्यापक सुनील कुमार घायल हो गया। स्कूल के अन्य अध्यापकों ने उन्हें चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। बताया जा रहा है कि हिंदी अध्यापक सुनील कुमार कक्षा में विद्यार्थियों की कॉपी जांच रहा था, अचानक आरोपी छात्र ने बैग से पेचकस निकाला और तेजी से अध्यापक की तरफ बढ़ा। इसके बाद अध्यापक पर पेचकस से वार करने शुरू कर दिए। घटना के बाद स्कूल में हडक़ंप मच गया।

सूचना मिलते ही स्कूल प्राचार्य प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और घायल अध्यापक को चौपटा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया। सूचना मिलने पर जमाल चौकी प्रभारी रामकुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। अध्यापक सुनील कुमार ने बताया कि छात्र ने हमला किस कारण से किया, उसेे नहीं पता है। सामान्य दिनों की भांति कक्षा चल रही थी। पुलिस के अनुसार अभी हमला करने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और आरोपी छात्र की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story