यमुनानगर: प्रधानाचार्य पर छात्र से मारपीट का आरोप, कान में चोट के दावे के बाद दोनों पक्षों ने दी शिकायत
यमुनानगर, 31 जुलाई (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी शहर के एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 11वीं कक्षा के छात्र के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। छात्र के परिजनों ने विद्यालय के प्रधानाचार्य पर थप्पड़ मारने से छात्र के कान में गंभीर चोट पहुंचाने का आरोप लगाया है। वहीं, विद्यालय प्रशासन ने भी छात्र के परिजनों पर स्कूल परिसर में हंगामा करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने शुक्रवार काे दोनों पक्षों की शिकायतें लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
छात्र के पिता शशिधर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका पुत्र कृष्णा सुबह निर्धारित समय से लगभग 10 मिनट की देरी से विद्यालय पहुंचा था। आरोप है कि इस पर प्रधानाचार्य ने पहले उसे विद्यालय परिसर की सफाई करने के लिए कहा। जब छात्र ने इससे असहमति जताई तो प्रधानाचार्य ने कथित रूप से उसके दोनों कानों पर कई थप्पड़ मार दिए। परिजनों का दावा है कि इस घटना के कारण छात्र के एक कान का पर्दा फट गया और उसे सुनाई देना बंद हो गया। शिकायत के अनुसार, घर पहुंचने पर छात्र ने घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। परिजनों का कहना है कि चिकित्सकीय जांच में कान में गंभीर चोट की पुष्टि हुई। इसके बाद वे विद्यालय पहुंचे, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने बताया कि कृष्णा कुश्ती का उभरता खिलाड़ी है और खेल महाकुंभ में स्वर्ण पदक जीत चुका है। चिकित्सकों ने फिलहाल उसे खेल गतिविधियों से दूर रहने की सलाह दी है, जिससे 4 अगस्त को होने वाली विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता में उसके शामिल होने पर भी संशय है। दूसरी ओर, विद्यालय प्रशासन ने आरोप लगाया है कि छात्र के परिजन स्कूल परिसर में पहुंचे और वहां विवाद की स्थिति उत्पन्न की। जगाधरी सिटी थाना प्रभारी विरेंद्र ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त हुई हैं। मेडिकल रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

