नूंह : सफाई कर्मचारियों ने मंत्री की संकेतिक शव यात्रा निकालकर जताया विरोध
नूंह, 19 अगस्त (हि.स.)। नगर परिषद नूंह के सफाई और फायर विभाग के कर्मचारियों की मांगों को लेकर शुरू हुई हड़ताल बुधवार को 14वें दिन भी जारी रही। कर्मचारी छह अगस्त से धरने पर बैठे हैं। हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। बुधवार को आक्रोशित कर्मचारियों ने नूंह शहर में शहरी स्थानीय निकाय मंत्री की संकेतिक शव यात्रा निकाली। इसके बाद बड़ी जामा मस्जिद के पास मंत्री का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ विरोध जताया।
कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है, लेकिन सरकार की ओर से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं और मांगों को धरातल पर लागू नहीं किया जा रहा। सुभाष चंद्र जिला प्रधान सफाई कर्मचारी,सद्दाम फायर कर्मचारी,सुभाष सफाई कर्मचारी ने कहा कि कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 13 मई को सरकार और कर्मचारियों के बीच हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना तथा सीवरमैन और सफाई कर्मचारियों को जोखिम भत्ता देना शामिल है।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। उनका आरोप है कि सरकार ने पूर्व में किए गए वादों को पूरा नहीं किया। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होता, तब तक धरना और आंदोलन जारी रहेगा।
हड़ताल के कारण नूंह शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका भी बनी हुई है। कर्मचारियों ने सरकार से जल्द बातचीत कर मांगों का समाधान करने और 13 मई के समझौते को लागू करने की मांग की है। अब कर्मचारियों और सरकार के बीच बातचीत कब होती है और हड़ताल खत्म कराने के लिए क्या समाधान निकलता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया

