सिरसा: अनाज मंडियों में फसल की सुरक्षा को पुलिस का पहरा
सिरसा, 07 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने मंगलवार को बताया कि फसली सीजन के मद्देनजर जिले की अनाज मंडियों में सुरक्षा के व्यापक और सख्त प्रबंध किए गए हैं। मंडियों में पुलिस जवानों की तैनाती कर दी गई है। साथ ही एसपी ने थाना प्रभारियों को निर्देश जारी किए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्र की अनाज मंडियों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाए रखें और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी सतर्कता बरतें।
उन्होंने बताया कि फसल की आवक और सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके चलते आने वाले दिनों में फसलों की आवक तेज होगी। किसानों और व्यापारियों के बीच बड़ी मात्रा में नकद लेन-देन होता है, जिससे असामाजिक तत्वों के सक्रिय होने की संभावना बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला पुलिस द्वारा सभी प्रमुख अनाज मंडियों और खरीद केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया है। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि प्रत्येक अनाज मंडी के आसपास पुलिस टीमें तथा मोटरसाइकिल राइडर लगातार गश्त करेंगी। इसके अलावा, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मंडियों के आसपास नाकाबंदी कर आने-जाने वाले व्यक्तियों की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।उन्होंने यह भी बताया कि सभी पर्यवेक्षण अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे नियमित रूप से मंडियों का दौरा करें, सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लें और समय-समय पर उनकी समीक्षा करें। साथ ही व्यापार मंडल के सदस्यों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की सूचना का आदान-प्रदान तुरंत हो सके।
पुलिस द्वारा मंडी क्षेत्र के व्यापारियों के साथ बैठकें आयोजित कर उन्हें सतर्क रहने और सुरक्षा संबंधी आवश्यक सावधानियां अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त व्यापारियों के साथ व्हाट्सएप ग्रुप बनाए जा रहे हैं, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस तक पहुंचाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

