कैथल: पराली जलाने की घटना या ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: पराली जलाने की घटना या ड्यूटी में लापरवाही मिलने पर अधिकारियों पर होगी सख्त कार्रवाई


कैथल, 18 नवंबर (हि.स.) जिले में पराली जलाने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने निगरानी और सख्ती बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। डीसी अपराजिता ने बुधवार काे अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी दिनों में पराली जलाने की एक भी नई घटना नहीं होनी चाहिए। जिन गांवों और क्षेत्रों में धान की कटाई का कार्य अभी शेष है, वहां कर्मचारियों की उपलब्धता और क्षेत्र की संवेदनशीलता के अनुसार ड्यूटी का रेशनलाइजेशन कर तुरंत ड्यूटी चार्ट तैयार किया जाए।

डीसी अपराजिता लघु सचिवालय के सभागार में फसल अवशेष प्रबंधन और पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक ले रही थीं। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को पुलिस विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि पराली जलाने की घटना या ड्यूटी में लापरवाही सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सभी अधिकारी स्वयं फील्ड में रहकर निगरानी करें और अपने स्टाफ को सक्रिय रखें। निगरानी व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ किसानों के साथ संवाद कर उन्हें फसल अवशेषों के उचित प्रबंधन के प्रति जागरूक किया जाए। डीसी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए फसल अवशेषों का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग गंभीरता से कार्य करें। उप कृषि निदेशक डॉ. रविंद्र जाखड़ ने बताया कि फसल अवशेष जलाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। अब तक 44 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं और एक लाख 60 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। बैठक में एडीसी डॉ. सुशील कुमार, डीएसपी बीरभान, डीडीए डॉ. रविंद्र जाखड़, डीडीपीओ रितु लाठर, डीआरओ चंद्र मोहन सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779044 Articles

Share this story