हिसार : लंबित बिलिंग मामलों पर सख्ती, इस माह किया जाए अधिकतम निपटारा : विक्रम सिंह

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : लंबित बिलिंग मामलों पर सख्ती, इस माह किया जाए अधिकतम निपटारा : विक्रम सिंह


सीएम की समीक्षा बैठक के बाद बिजली निगमों ने कसी कमर

खराब मीटर बदलने और उपभोक्ता शिकायतों के समाधान पर रहेगा जोर

हिसार, 13 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम और उत्तर हरियाणा

बिजली वितरण निगम में लंबित प्रोविजनल बिलिंग मामलों के निपटारे को लेकर प्रबंधन ने

सख्ती बढ़ा दी है। दोनों निगमों के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने अधिकारियों को चालू

माह में अधिकतम लंबित मामलों का निपटारा करने और खराब बिजली मीटरों को बदलने के लिए

ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही उपभोक्ताओं की शिकायतों

का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया है।

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में बड़ी संख्या में लंबित प्रोविजनल बिलिंग मामलों

पर गंभीरता से संज्ञान लिए जाने के बाद निगम प्रबंधन ने इनके शीघ्र निपटारे को प्राथमिकता

दी है। प्रबंध निदेशक ने सभी सर्कलों को निर्देश दिए हैं कि लंबित मामलों का विस्तृत

विश्लेषण कर उन्हें नियमित बिलिंग व्यवस्था में लाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाए।

इसमें खराब मीटर बदलने, मामलों के लंबित रहने के कारणों की पहचान करने और प्रत्येक

मामले के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

विक्रम सिंह ने घरों के गेट के सामने और सार्वजनिक आवागमन में बाधा उत्पन्न

करने वाले स्थानों पर लगे बिजली के खंभों को शिफ्ट करने के मामलों में भी तेजी लाने

के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को ऐसे स्थानों की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर

कार्ययोजना बनाने को कहा गया है, ताकि आमजन को होने वाली असुविधा दूर की जा सके। प्रबंध निदेशक ने गुरुग्राम और फरीदाबाद में बिजली आपूर्ति बाधित होने से संबंधित

बड़ी संख्या में मिल रही शिकायतों का विस्तृत विश्लेषण करने के निर्देश दिए हैं। इसके

साथ ही कॉल सेंटर पर उपभोक्ताओं की फोन कॉल का जवाब नहीं मिलने के मामलों की भी समीक्षा

की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतों के कारणों की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाने को कहा

गया है, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर सहायता मिल सके और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान

हो।

सोशल मीडिया पर शिकायतों का समय पर देना होगा जवाब

निगम प्रबंधन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मिलने वाली उपभोक्ताओं की

शिकायतों को भी गंभीरता से लिया है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि प्रत्येक

शिकायत का समय पर संज्ञान लेकर त्वरित जवाब दिया जाए। जहां आवश्यक हो, संबंधित समस्या

का समाधान भी सुनिश्चित किया जाए। जनसंपर्क अधिकारी संजय चुघ ने बताया कि प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने सभी संबंधित

अधिकारियों को लंबित मामलों की नियमित निगरानी करने और निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार

ठोस प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। दोनों बिजली वितरण निगमों का उद्देश्य

बिलिंग व्यवस्था को दुरुस्त करना, बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों का शीघ्र समाधान करना

और उपभोक्ताओं को बेहतर, पारदर्शी एवं जवाबदेह सेवाएं उपलब्ध कराना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760107 Articles

Share this story