हिसार में पत्नी की गला घोंटकर हत्या, खुद भी लगाई फांसी

WhatsApp Channel Join Now

घरेलू विवाद के चलते माइयड़ गांव में सामने आई घटना

हिसार, 20 जुलाई (हि.स.)। जिले के सदर थाना क्षेत्र के गांव माइयड़ में घरेलू

विवाद के चलते एक व्यक्ति ने गला घोंटकर पत्नी की हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी

ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों

शवों को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान दर्शना व आरोपी पति की पहचान बलजीत के रूप

में हुई है। बलजीत डीजे का काम करता था। बताया जा रहा है कि रविवार रात पति-पत्नी के

बीच किसी घरेलू बात को लेकर कहासुनी हुई, जो हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि गुस्से

में बलजीत ने चुन्नी से दर्शना का गला घोंट दिया। पत्नी की मौत के बाद उसने भी उसी

कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय दंपती के दो बच्चे दूसरे कमरे में

सो रहे थे। सोमवार सुबह जब बच्चों ने कमरे में जाकर देखा तो माता-पिता मृत हालत में

पड़े थे। बच्चों ने परिवार के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी।

सूचना के बाद सदर थाना प्रभारी विरेंद्र अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में यह मामला

घरेलू विवाद से जुड़ा माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों

से बातचीत के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Share this story