यमुनानगर:बारिश और आंधी से तापमान गिरा, ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान

WhatsApp Channel Join Now


यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। जिला यमुनानगर में रविवार को हुई तेज बारिश और आंधी के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के इस अचानक बदलाव से जहां लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, वहीं खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है। रविवार को दिनभर बादल छाए रहने के बाद शाम और रात के समय तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इसके चलते अधिकतम तापमान में करीब 3.4 डिग्री सेल्सियस की कमी दर्ज की गई। सोमवार को भी आसमान में बादल बने रहने की संभावना है और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी के आसार जताए गए हैं।

तेज हवा और बारिश का असर कृषि क्षेत्र पर भी पड़ा है। कई स्थानों पर गेहूं की तैयार खड़ी फसल हवा के दबाव से झुककर जमीन की ओर गिर गई। इससे उत्पादन पर असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है। इसी प्रकार सरसों की पकी फसल में भी नुकसान की जानकारी सामने आई है, जहां तेज हवा और बारिश के कारण कई खेतों में दाने झड़ गए। मौसम में आए इस बदलाव से दिन के तापमान में कमी आई है, जिससे पिछले कुछ दिनों से बढ़ रही गर्मी से राहत महसूस की जा रही है। हालांकि लगातार बदलते मौसम के कारण किसानों में चिंता का माहौल भी देखा जा रहा है, क्योंकि इस समय रबी फसलों की कटाई से पहले का महत्वपूर्ण दौर चल रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव अभी कुछ दिन और बना रह सकता है। विभाग का अनुमान है कि 18 मार्च के आसपास मौसम में फिर से परिवर्तन देखने को मिल सकता है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना व्यक्त की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि 18 से 21 मार्च के बीच कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही कहीं-कहीं हल्की बारिश या ओलावृष्टि की स्थिति भी बन सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story