हिसार पुलिस ने चोरी के मामलाें में एक माह में 36 गिरफ्तार किए
आरोपियों से 23.29 लाख का चोरीशुदा माल बरामद
हिसार, 24 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने चोरी, वाहन चोरी और गृह भेदन जैसे संपत्ति
संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पिछले एक माह में विभिन्न
मामलों के 36 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 23.29 लाख से
अधिक मूल्य का चोरीशुदा माल और वाहन बरामद कर लोगों की संपत्ति वापस दिलवाई है।
पुलिस की ओर से जिले में चोरी और वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने
के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने साधारण चोरी, मोटर
व्हीकल थेफ्ट, चोरी व गृह भेदन के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 36 आरोपियों
को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इन मामलों में 23 लाख 29 हजार 670 मूल्य का चोरीशुदा माल
और वाहन बरामद किए हैं। बरामद सामान को उसके वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की प्रक्रिया
भी शुरू कर दी गई है, जिससे पीड़ितों को राहत मिली है।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार काे कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल अपराधियों
को गिरफ्तार करना नहीं, बल्कि आम नागरिकों की मेहनत की कमाई और संपत्ति की सुरक्षा
सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चोरी जैसी घटनाओं में शामिल किसी भी
व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई
लगातार जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

