पानीपत: चोरी की बाइक बेचने जा रहे दो आरोपी गिरफ्तार
पानीपत, 10 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने चोटाला रोड पर दो युवकों को चोरी की एक बाइक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बाइक को यूपी में बेचने के लिए जा रहे थे। आरोपियों की पहचान करनाल निवासी नसीम व कमल के रूप में हुई।पुलिस ने दाेनाें काे शुक्रवार काे अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार टीम को गुरुवार देर शाम को गश्त के दौरान सूचना मिली कि संदिग्ध किस्म के दो युवक एक सीडी डिलक्स बाइक पर सवार होकर पानीपत चौटाला रोड से होते हुए यूपी की तरफ जा रहे है। पुलिस टीम ने चोटाला रोड पर वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास नाकाबंदी कर बाइक सवार दोनों युवकों को काबू कर पूछताछ की। उन्होंने अपनी पहचान करनाल निवासी नसीम व कमल के रूप में बताई। बाइक के कागजात मांगने पर दोनों युवक बहानेबाजी करने लगे। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने बाइक गत मंगलवार को पानीपत सरकारी अस्पताल परिसर से चोरी करना स्वीकारा। बाइक चोरी की वारदात बारे थाना शहर में बापौली निवासी गौरव की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। पूछताछ मे आरोपियों ने पुलिस को बताया वे दोनों नशा करने के आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उन दोनों ने मिलकर बाइक चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों आरोपी चोरी की बाइक पर सवार होकर बेचने के लिए यूपी जा रहे थे।
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

