जींद : महंगी दवाइयों का खर्च होगा कम, नागरिक अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी

WhatsApp Channel Join Now
जींद : महंगी दवाइयों का खर्च होगा कम, नागरिक अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी


जींद : महंगी दवाइयों का खर्च होगा कम, नागरिक अस्पताल में शुरू हुई अमृत फार्मेसी


जींद, 20 नवंबर (हि.स.)। जिला नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी की शुरूआत शुक्रवार को की गई है। अमृत फार्मेसी पर अब मरीजों को प्रतिष्ठित कंपनियों की ब्रांडेड दवाइयां बाजार मूल्य से 50 से 90 प्रतिशत तक कम कीमत पर मिल सकेंगी। इतना ही नही अस्पताल में यह सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रहेगी। इससे रात के समय आपातकालीन स्थिति में भी मरीजों के परिजनों को दवाइयों के लिए बाहर भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

शुक्रवार को प्रदेश के 16 जिलों में एक साथ अमृत फार्मेसी की शुरुआत की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यमुनानगर से वर्चुअल माध्यम से इन फार्मेसियों का शुभारंभ किया। जींद में पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित कार्यक्रम में विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डा. कृष्णलाल मिड्ढा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने अमृत फार्मेसी को सरकार की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी पहल बताते हुए कहा कि इसका सीधा लाभ आम मरीजों को मिलेगा और इलाज के दौरान दवाइयों पर होने वाला आर्थिक बोझ कम होगा।

डिप्टी स्पीकर डा. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि अमृत फार्मेसी में देश की प्रतिष्ठित फार्मा कंपनियों की असली ब्रांडेड दवाइयां उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनकी गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बाजार में जिन दवाइयों को मरीजों को अधिक कीमत देकर खरीदना पड़ता है, वे यहां काफी रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। दवाइयों की कीमतों में लगभग 50 से 90 प्रतिशत तक की छूट मिलने से विशेष कर उन परिवारों को राहत मिलेगी, जिनके घर में किसी सदस्य का लंबे समय से इलाज चल रहा है।

अमृत फार्मेसी की एक बड़ी विशेषता इसका 24 घंटे सातों दिन संचालित होना है। नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दिन और रात किसी भी समय दवाइयां मिल सकेंगी। अभी तक कई बार रात के समय मरीजों के परिजनों को दवाइयों के लिए अस्पताल परिसर से बाहर जाना पड़ता था या दुकानों के खुलने का इंतजार करना पड़ता था। आपातकालीन परिस्थितियों में यह परेशानी और बढ़ जाती थी।

डिप्टी स्पीकर ने कहा कि अब अस्पताल में ही चौबीस घंटे दवाइयां उपलब्ध होने से मरीजों और उनके परिजनों को काफी सुविधा मिलेगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फार्मेसी में आवश्यक दवाइयों का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखा जाए ताकि मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। कार्यक्रम में एडीसी प्रदीप कौशिक, जिला परिषद चेयरपर्सन मनीषा रंधावा, नगर परिषद चेयरपर्सन डा. अनुराधा सैनी, सिविल सर्जन डा. सुमन कोहली, उप सिविल सर्जन डा. दिनेश गुप्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चिकित्सक कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story