कैथल: राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला व संस्कारों का संगम :महीपाल ढांडा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला व संस्कारों का संगम :महीपाल ढांडा


कैथल, 18 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव कला, संस्कृति और संस्कारों का अनूठा संगम है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की छिपी प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उन्हें समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का काम करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। युवाओं की प्रतिभा को पहचानकर उसे निखारने की बड़ी जिम्मेदारी शिक्षकों के कंधों पर है।

शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा बुधवार को आर्यन इंटरनेशनल स्कूल कैथल में हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित तीन दिवसीय राज्य स्तरीय सांस्कृतिक उत्सव के दूसरे दिन बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए शिक्षा मंत्री ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा और तैयारी का स्तर इतना उत्कृष्ट है कि निर्णायकों के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान का चयन करना भी चुनौतीपूर्ण हो सकता है। सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपनी कला और मेहनत से शानदार प्रस्तुतियां दी हैं। इसके पीछे शिक्षकों का समर्पण, परिश्रम और बच्चों को दिया गया मार्गदर्शन है।

उन्होंने कहा कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसकी युवा आबादी है। देश की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है। यदि इस युवा शक्ति को कौशलयुक्त बनाकर उनकी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप अवसर दिए जाएं तो भारत हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकता है। प्रत्येक बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। कोई गणित और विज्ञान में अच्छा होता है तो कोई नृत्य, संगीत, अभिनय या अन्य विधाओं में अपनी क्षमता प्रदर्शित करता है। जरूरत है प्रत्येक विद्यार्थी की प्रतिभा पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर देने की।

इससे पहले शिक्षा मंत्री ने अतिथियों के साथ हरियाणवी संस्कृति पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई सांस्कृतिक कलाकृतियों की सराहना की तथा बच्चों द्वारा तैयार पारंपरिक चूरमे का स्वाद भी चखा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रदेशभर से कक्षा 9 से 12 आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। समूह नृत्य में 273, एकल नृत्य में 50, रागनी में 32 तथा अभिनय में 205 विद्यार्थियों सहित कुल 560 प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779391 Articles

Share this story