सोनीपत: सेवा सेतु कैंप में 27 विभागों के स्टॉल, योजनाओं की दी जानकारी
सोनीपत, 27 सितंबर (हि.स.)। सेवा
संकल्प अभियान के तहत सोनीपत नगर निगम कार्यालय में रविवार को तीन दिवसीय सेवा सेतु
कैंप एवं मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का शुभारंभ हुआ। सोनीपत विधायक निखिल
मदान व नगर निगम मेयर राजीव जैन ने मेले का शुभारंभ कर कैंप में पहुंचकर विभिन्न स्टॉलों
का अवलोकन किया। मेले में 27 विभागों ने स्टॉल लगाए हैं। यहां नागरिकों को सरकारी योजनाओं
और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू
की गई।
विधायक
निखिल मदान ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं
का लाभ पात्र लोगों तक सरल और पारदर्शी तरीके से पहुंचे। सेवा सेतु कैंप सरकार और आमजन
के बीच सीधे संवाद का माध्यम बन रहे हैं। एक ही जगह कई विभागों की सेवाएं मिलने से
लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ते और योजनाओं का लाभ लेने की
प्रक्रिया भी आसान होती है। उन्होंने लोगों से कैंप में पहुंचकर अपनी पात्रता के अनुसार
योजनाओं की जानकारी लेने और सुविधाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
मेयर
राजीव जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री अंत्योदय परिवार उत्थान मेले का उद्देश्य आर्थिक रूप
से कमजोर परिवारों को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास, ऋण और अन्य सरकारी सुविधाओं से
जोड़ना है। कैंप में अधिकारी और कर्मचारी मौके पर ही पात्रता, जरूरी दस्तावेज और आवेदन
प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।
नगर
निगम आयुक्त हर्षित कुमार ने बताया कि कैंप 29 सितंबर तक चलेगा। उन्होंने अधिकारियों
और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक पात्र नागरिक को योजनाओं की सही जानकारी
देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में पूरा सहयोग किया जाए। उन्होंने शहरवासियों से अधिक
से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचने की अपील की। इस मौके पर संयुक्त आयुक्त मीतू धनखड़
समेत अन्य अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

