सिरसा: चोरी की घटनाओं के विरोध में दुकानें बंद कर पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: चोरी की घटनाओं के विरोध में दुकानें बंद कर पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा


सिरसा, 31 जुलाई (हि.स.)। जिले के गांव जमाल क्षेत्र में पिछले कुछ समय से लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से परेशान ग्रामीणों और व्यापारियों ने शुक्रवार को पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए बस अड्डा पर धरना लगा दिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जमाल की दुकानें बंद रही।

ग्रामीण और दुकानदार एकत्रित होकर बस अड्डा पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। दुकानदार शीशपाल निठारवाल, मनीष शर्मा, कुलदीप जैन, जगतपाल बेनीवाल, सरपंच प्रतिनिधि ओमप्रकाश डूडी, भोजराज जांगड़ा, डॉ सतपाल, जगदीश आदि ने कहा कि लगातार हो रही चोरी की वारदातों से आमजन और दुकानदारों में भय का माहौल बना हुआ है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा कर आरोपियोंं को गिरफ्तार किया जाए। क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि यदि पुलिस ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी सांकेतिक रूप से अपनी दुकानें बंद रखीं थी और जमाल पुलिस चौकी के बाहर शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन कर प्रशासन के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया था। उस समय धरने पर जमाल चौकी प्रभारी रामकुमार तथा नाथूसरी चौपटा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया था कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है तथा जल्द ही आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया था। लेकिन उस आश्वासन पर कोई कार्रवाई नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बस स्टैंड जमाल पर धरना शुरू कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story