खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा दे रही है सरकार : गौरव गौतम
खेल राज्य मंत्री ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से की मुलाकात
चंडीगढ़, 17 अप्रैल (हि.स.)। खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मुलाकात की इस दौरान हरियाणा को वैश्विक खेल केंद्र के रूप में विकसित करने तथा राज्य के खेल ढांचे को और सशक्त बनाने और युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धी बनाने के लिए कई अहम बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।
खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने ‘मिशन ओलंपिक 2036’ को केंद्र में रखते हुए दीर्घकालिक योजनाओं पर विशेष रूप से चर्चा की। इसके साथ ही खेलो इंडिया, फिट इंडिया और यूथ गेम्स जैसी प्रमुख योजनाओं को हरियाणा प्रदेश के गांव-गांव और प्रत्येक युवा तक पहुंचाने के लिए प्रभावी क्रियान्वयन रणनीति पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राज्य के ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को समान अवसर मिलें और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
इसके साथ ही कोचिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, खेल नर्सरी और अकादमियों की संख्या बढ़ाने, तथा युवाओं को शुरुआती स्तर से ही खेलों की ओर प्रेरित करने के उपायों पर भी विचार किया गया। खिलाडिय़ों को आर्थिक सहायता, डाइट प्लान और अंतरराष्ट्रीय स्तर की ट्रेनिंग देने जैसे मुद्दे भी एजेंडा में शामिल रहे। बैठक में यह भी तय किया गया कि स्कूल और कॉलेज स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को और अधिक व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा युवा खेलों से जुड़ सकें और राज्य को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला सकें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

