यमुनानगर:तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से महिला की मौत, आरोपी फरार

WhatsApp Channel Join Now

यमुनानगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर के जगाधरी क्षेत्र में तेज रफ्तार और लापरवाही का एक और मामला सामने आया है, जहां सड़क पार कर रही एक महिला को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल महिला ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान चनेटी निवासी फूलवती के रूप में हुई है। वह अपने परिवार का भरण-पोषण करने के लिए घरेलू कार्य करती थी। घटना के समय वह काम से लौटकर पैदल अपने घर जा रही थी।

शिकायतकर्ता अभिषेक ने पुलिस को बताया कि वह भी उसी मार्ग से गुजर रहा था, तभी उसने देखा कि महिला सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज गति से आ रही मोटरसाइकिल ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला उछलकर सड़क पर गिर गई और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद बाइक चालक भी कुछ पल के लिए असंतुलित हुआ, लेकिन तुरंत उठकर वाहन सहित मौके से भाग निकला। घटना के बाद घायल महिला को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया। पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी सुमन कुमार ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं परिजनों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story