हिसार : लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा व पुराने मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करें : सिद्धांत जैन

WhatsApp Channel Join Now
हिसार : लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा व पुराने मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करें : सिद्धांत जैन


मासिक समीक्षा बैठक में अपराध नियंत्रण और पुलिस कार्यों की समीक्षा

बेहतर काम करने वालों को प्रोत्साहन और लापरवाही बरतने वालों पर होगी विभागीय

कार्रवाई

हिसार, 15 अक्टूबर (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने अपराधों पर प्रभावी

अंकुश लगाने के लिए लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करने और पुराने मामलों में वांछित

आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ड्यूटी

में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जबकि बेहतर परिणाम देने

वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा। एसपी सिद्धांत जैन ने गुरुवार को अपने कार्यालय में उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय

एवं अपराध सहित सभी अपराध शाखाओं, पीओ स्टाफ, स्वैट टीम, साइबर सेल, सोशल मीडिया, डीसीआरबी,

एमटीओ तथा टीएएसआई के प्रभारियों के साथ मासिक समीक्षा बैठक ले रहे थे।

बैठक में विभिन्न शाखाओं

के कार्यों, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों की प्रगति और पुराने मामलों में आरोपियों

की गिरफ्तारी की स्थिति की समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुराने और लंबित मामलों को गंभीरता से

लेते हुए वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करें। जांच को प्रभावी ढंग से पूरा

कर मामलों का समयबद्ध निपटारा किया जाए। गंभीर और संगीन अपराधों में विशेष सतर्कता

बरतते हुए जांच की नियमित समीक्षा की जाए, ताकि आरोपियों को जल्द कानून के दायरे में

लाया जा सके। उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण और आमजन को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना

पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अपराध शाखाएं आपसी समन्वय से काम करें और अपराधियों

के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

बैठक में साइबर सेल को साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई

कर पीड़ितों को राहत दिलाने के निर्देश दिए गए। पीओ स्टाफ को उद्घोषित अपराधियों और

बेल जंपरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा डीसीआरबी को अपराध संबंधी रिकॉर्ड

व्यवस्थित और अद्यतन रखने को कहा गया। इसके अलावा सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस के

कार्यों के प्रभावी प्रचार-प्रसार सहित अन्य शाखाओं के कामकाज की भी समीक्षा की गई। एसपी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों का निर्वहन निष्ठा, ईमानदारी

और जिम्मेदारी से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर परिणाम देने वालों के

कार्यों की सराहना कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि ड्यूटी में लापरवाही, कार्यों

में अनावश्यक देरी या निर्देशों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय

कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

761365 Articles

Share this story