पलवल: दो सड़क हादसों में बुजुर्ग की मौत, युवक गंभीर घायल
पलवल, 05 जून (हि.स.)। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो सड़क हादसों में एक बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहली घटना में गांव सुजवाड़ी निवासी अर्जुन कोकिलावन परिक्रमा कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। जब वह बंचारी स्थित पंजाब भगत सिंह ढाबे के समीप पहुंचा, तभी गलत दिशा से आ रही एक बाइक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्जुन सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद राहगीरों ने घायल को जिला नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया। परिजनों की शिकायत पर मुंडकटी थाना पुलिस ने आरोपित बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरी घटना होडल क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुई। आदर्श कॉलोनी निवासी हरगोपाल रात के समय टहलने के लिए निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हरगोपाल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। मृतक के पुत्र धर्मवीर की शिकायत पर होडल थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों मामलों की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग

