जींद : डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने सरपंच से मांगे पैसे, हुए लाइन हाजिर

WhatsApp Channel Join Now
जींद : डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने सरपंच से मांगे पैसे, हुए लाइन हाजिर


जींद, 13 सितंबर (हि.स.)। गांव रधाना के सरपंच के साथ डायर 112 पुलिस कर्मियों द्वारा शराब के लिए 800 रुपये मांगने व दुव्र्यवहार करने का मामला सामने आया है। मामला सोशल मीडिया पर वायरल हाेने के बाद एसपी कुलदीप सिंह दोनों डायल 112 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया है और आगामी जांच के आदेश दिए हैं।

गांव रधाना के सरपंच रामकुमार ने बताया कि गांव में एक लावारिस व्यक्ति घूम रहा था। जिसकी जानकारी पुलिसकर्मियों को दी गई। डायल 112 के पुलिसकर्मियों ने व्यक्ति को सुरक्षित स्थान पर रखने या वृद्धाश्रम में रखने की बात कही। पुलिसकर्मी ईएचसी जयशंकर शर्मा व एसपीओ प्रदीप लावारिस व्यक्ति को वृद्धाश्रम छोडऩे के लिए उन्हें अपने साथ ले गए थे। वृद्धाश्रम छोडऩे के बाद पुलिसकर्मियों ने गाड़ी में उसे शराब पीने के लिए कहा। उसके द्वारा शराब पीने से मना किए जाने पर शराब के 800 रुपये मांगे। सरपंच ने कहा कि वह शराब नही पीता है और रुपये देने से मना कर दिया।

जिस पर पुलिसकर्मियों द्वारा उसे किनाना के पास रात के अंधेरे में सड़क पर उतार दिया और चले गए। उन्होंने फोन कर अपने बेटे को बुलाया और घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हुए और पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी गई। दोनों पुलिसकर्मियों का मेडिकल भी करवाया गया। मामला सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ। मामले की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से एसपी कुलदीप सिंह के संज्ञान में आई। जिस पर दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया।

पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने बताया कि एसपी के आदेशों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों डायल 112 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया है और निष्पक्ष जांच के आदेश दिए हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

Share this story