हिसार : सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को एसपी ने किया सम्मानित
प्रशंसा-पत्र देकर बढ़ाया हौसला, बोले-बेहतर कार्य
करने वाले पुलिसकर्मियों का सम्मान दूसरों के लिए बनेगा प्रेरणा
हिसार, 5 अक्टूबर (हि.स.)। ड्यूटी के दौरान कर्तव्यनिष्ठा,
मेहनत और जिम्मेदारी के साथ सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों
व कर्मचारियों को पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने सम्मानित किया। एसपी ने पुलिसकर्मियों
को प्रशंसा-पत्र एवं सम्मान प्रदान करते हुए उनके कार्य की सराहना की और भविष्य में
भी इसी समर्पण व निष्ठा के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
एसपी सिद्धांत जैन ने साेमवार काे कहा कि पुलिस विभाग में
बेहतर कार्य करने वाले प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी का उत्साहवर्धन जरूरी है। पुलिसकर्मी
द्वारा अपनी ड्यूटी से बढ़कर किया गया सराहनीय कार्य न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली
को मजबूत करता है, बल्कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास भी बढ़ाता है। उन्होंने कहा
कि ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और बेहतर पुलिसिंग को प्राथमिकता देने वाले कर्मचारियों
को सम्मानित करने से अन्य पुलिसकर्मियों को भी उत्कृष्ट कार्य करने की प्रेरणा मिलती
है। पुलिस विभाग में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों
को आगे भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
इन पुलिसकर्मियों को मिला सम्मान
सराहनीय कार्य के लिए इंस्पेक्टर रमेश, पीएसआई
सजींत, एएसआई सूरजमल, एएसआई बलजीन्द्र, एएसआई गोविन्द सिंह, एएसआई सुरेन्द्र, एलएएसआई
कांता, मुख्य सिपाही कृष्ण कुमार, सिपाही मनदीप, सिपाही प्रवीन, एसपीओ सतीश, ईएचसी
अनिल कुमार तथा एचकेआरएन कर्मचारी कुलदीप सिंह को सम्मानित किया गया। पुलिस अधीक्षक
ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कर्तव्य के प्रति समर्पण
और बेहतर कार्य ही पुलिस विभाग की पहचान है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों
से अपनी ड्यूटी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निभाने तथा कानून-व्यवस्था
बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

