सिरसा: नशा तस्करों व गैर कानूनी धंधा करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें: एसपी

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नशा तस्करों व गैर कानूनी धंधा करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें: एसपी


सिरसा, 18 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने कहा कि अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और गैर कानूनी धंधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। एसपी शनिवार को पर्यवेक्षण अधिकारियों व थाना प्रभारियों की समीक्षा बैठक को संबोधित कर रहे थे।

एसपी ने आदतन अपराधियों की हिस्ट्रीशीट खोलने तथा समय-समय पर उनकी गतिविधियों की निगरानी करने पर जोर दिया, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पीएम विंडो, सीएम विंडो और हरसमय पोर्टल पर प्राप्त होने वाली शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में निपटारा सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पीड़ितों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उन्हें शीघ्र न्याय दिलाने के लिए संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। एसपी दीपक सहारन ने नशा विरोधी अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने पर बल देते हुए कहा कि इसमें आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसके लिए निरंतर जन-जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक के प्रति प्रशिक्षित रहने के निर्देश दिए, ताकि वे अपने कार्यों को अधिक दक्षता और पारदर्शिता के साथ कर सकें। महिलाओं और बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नियमित पुलिस चेकिंग और पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि गृहभेदन और वाहन चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। बैठक में प्रशिक्षु आईपीएस शिवम यादव, डीएसपी संजीव बल्हारा, डीएसपी राज सिंह, डीएसपी सिद्धार्थ बिश्नोई सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story