सोनीपत: महिला हत्या मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, लूट का खुलासा
सोनीपत, 29 मई (हि.स.)। सोनीपत
के जटवाड़ा में महिला हत्या मामले में अपराध शाखा-एक ने शुक्रवार को दो आरोपितों को
गिरफ्तार किया है। आरोपितों ने महिला की हत्या के बाद सोने की चेन, कड़ा, अंगूठी और
बाली लूट ली थी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि वारदात पहले से बनाई गई साजिश
थी या अचानक अंजाम दी गई।
पुलिस
के अनुसार, 24 मई को जटवाड़ा स्थित सरकारी स्कूल के सामने गली में रहने वाली संतोष
का शव उनके घर के बाथरूम में मिला था। महिला घर में अकेली रहती थी। काफी समय तक बाहर
दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों को शक हुआ। पड़ोसी हालचाल जानने के लिए घर पहुंचे तो
दरवाजा खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो बाथरूम में महिला का शव पड़ा था। घटनास्थल पर
महिला के दोनों हाथ और पैर चुन्नी से बंधे हुए थे, जबकि मुंह में कपड़ा ठूंसा गया था।
शव की हालत देखकर हत्या की आशंका जताई गई। पुलिस ने मौके से कई अहम सुराग जुटाए और
घर की जांच की। जांच में सामने आया कि घर का मुख्य गेट खुला था और कमरे में एसी चल
रहा था। महिला का मोबाइल फोन और अन्य सामान घर में ही मिला। शुरुआत में हत्या के पीछे
का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया था। इसके बाद पुलिस ने लूट, रंजिश और अन्य पहलुओं को ध्यान
में रखकर जांच आगे बढ़ाई।
मामले
में एफएसएल टीम को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास
लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर पुलिस आरोपियों
तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित और विक्रांत के रूप में हुई है। दोनों
जटवाड़ा गांव के रहने वाले हैं।
डीसीपी
वेस्ट कुशल पाल सिंह साथ में सीआईए 1 इंचार्ज इंस्पेक्टर राजीव ने सुयंक्त रुप से बताया
कि विक्रांत ने निजी कॉलेज से वकालत की पढ़ाई की है, जबकि अंकित एक निजी कंपनी में
नौकरी करता था। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि
वारदात में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। पुलिस आरोपियों को अदालत में पेश
कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

