हिसार : गांधीवादी विचार आज भी प्रासंगिक, वैश्विक समस्याओं का समाधान गांधी दर्शन में: सुनील कुमार
राजकीय महिला कॉलेज में वर्तमान युग में गांधीवादी
विचारधारा की सार्थकता विषय पर विस्तार व्याख्यान
हिसार, 01 अक्टूबर (हि.स.)। राजकीय महिला महाविद्यालय
में इतिहास विभाग की ओर से वर्तमान युग में गांधीवादी विचारधारा की सार्थकता विषय पर
विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। गुरुवार काे हुए कार्यक्रम में राजकीय महाविद्यालय सिवानी के
इतिहास विभाग के सहायक प्राध्यापक सुनील कुमार ने मुख्य वक्ता के रूप में शिरकत की।
मुख्य वक्ता ने सुनील कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य,
अहिंसा, स्वदेशी, ट्रस्टीशिप, ग्राम-स्वराज, स्वच्छता और सर्वोदय जैसे विचार 21वीं
सदी में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया ग्लोबल वार्मिंग,
आतंकवाद, क्षेत्रीय संघर्ष और बढ़ते भौतिकवाद जैसी गंभीर चुनौतियों का सामना कर रही
है। इन समस्याओं के समाधान के लिए गांधीवादी जीवन दर्शन और उनके विचार महत्वपूर्ण मार्गदर्शन
प्रदान कर सकते हैं।
व्याख्यान के दौरान छात्राओं ने गांधीवादी विचारधारा
से जुड़े विभिन्न विषयों पर बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा मुख्य वक्ता से अपने प्रश्न भी
पूछे। उन्होंने गांधी के विचारों की वर्तमान सामाजिक परिस्थितियों में उपयोगिता को
समझने में रुचि दिखाई। कार्यक्रम के संयोजक एवं कॉलेज के इतिहास विभाग
के महेन्द्र सिंह ने मुख्य वक्ता सहित सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद किया। उन्होंने
कहा कि इस प्रकार के विस्तार व्याख्यान छात्राओं के नैतिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास
में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम ने छात्राओं को गांधीवादी विचारों को
वर्तमान सामाजिक संदर्भों से जोड़कर समझने का अवसर प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर

