कैथल में सर्पदंश से दो बच्चों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में सर्पदंश से दो बच्चों की मौत


कैथल में सर्पदंश से दो बच्चों की मौत


कैथल में सर्पदंश से दो बच्चों की मौत


कैथल, 20 अगस्त (हि.स.)। जिले में सर्पदंश के दो दर्दनाक मामले सामने आए। अलग-अलग स्थानों पर जहरीले सांप के काटने से 10 वर्षीय बच्चे और तीन वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। दोनों को परिजन गंभीर हालत में कैथल के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पहली घटना कैथल की शुगर मिल कॉलोनी की है। यहां 10 वर्षीय हर्ष अपने परिवार के साथ कमरे में बेड पर सो रहा था। इसी दौरान झाड़ियों की तरफ से आया सांप बेड पर चढ़ गया और हर्ष को पेट व बाजू के पास डस लिया। नींद से जागने के बाद बच्चे ने परिजनों को बताया कि उसे चूहे ने काटा है। परिजनों ने कमरे में सांप देखा तो घटना का पता चला। उन्होंने सांप को मार दिया और हर्ष को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार हर्ष छठी कक्षा में पढ़ता था। उसके पिता संजय की करीब चार महीने पहले हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। परिवार में अब उसकी मां रीना और बड़ा भाई चिराग हैं। रीना मजदूरी और विधवा पेंशन के सहारे परिवार का पालन-पोषण कर रही थी। बेटे की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। दूसरी घटना गांव गदली की है। यहां तीन वर्षीय रंगोली अपने माता-पिता के बीच जमीन पर सो रही थी। सुबह करीब चार बजे बच्ची के रोने की आवाज सुनकर परिजन जागे। शरीर पर सांप के काटने के निशान मिले। परिजन पहले बच्ची को मेडिकल स्टोर पर लेकर गए, जहां से उसे नागरिक अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया।

रंगोली के पिता सुभाष कुमार ने बताया कि सांप के काटने के बाद बच्ची लगातार रो रही थी। अस्पताल पहुंचने तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। उन्होंने बताया कि परिवार में अब उनकी एक ही बेटी रह गई है। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने शवों को नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया। पाेस्टमार्टम के बाद बच्चाें के शव उनके परिजनों काे साैंप दिए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story