सिरसा: नशा तस्कर की ढाई करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: नशा तस्कर की ढाई करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति फ्रीज


सिरसा, 27 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने नशे की काली कमाई से अर्जित की गई एक तस्कर की करीब ढाई करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति को फ्रीज किया है। आरोपी जसबीर सिंह के खिलाफ नशा तस्करी के पंजाब व हरियाणा में कई मामले दर्ज हैं। आरोपी जेल में बंद है।

कालांवाली के डीएसपी संदीप धनखड़ ने सोमवार को प्रेसवार्ता में बताया कि नशा विरोधी अभियान के तहत ओढां थाना प्रभारी अनिल कुमार व प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल प्रभारी अरविंद ने नशा तस्कर आरोपी जसवीर सिंह की काली कमाई से बनाई गई अवैध संपत्ति को फ्रीज करने सफलता हासिल की है। उन्होंने बताया कि आरोपी पिट एनडीपीएस के तहत जेल में है बंद। मामले की जांच के दौरान थाना ओढ़ा व प्रॉपर्टी अटैचमेंट सेल पुलिस डबवाली द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के तहत आरोपी की आय और संपत्तियों की गहन वित्तीय जांच की गई। जांच में स्पष्ट हुआ कि आरोपी की संपत्तियां उसकी वैध आय से अधिक और पूरी तरह अवैध हैं। इसके बाद पुलिस द्वारा एनडीपीएस अधिनियम के तहत अवैध संपत्ति को फ्रीज करने के लिए रिपोर्ट तैयार कर फ्रीजिंग ऑर्डर जारी किए गए। उन्होंने बताया कि नशा तस्कर की अवैध संपत्ति के रूप में गांव गंगा व गांव मलिकपुरा में सात एकड़ भूमि एवं कालांवाली में स्थित व्यावसायिक दुकान फ्रीज की गई हैं, जिसकी वर्तमान में अनुमानित कीमत ढाई करोड़ रुपये है। पुलिस जांच में यह सामने आया कि आरोपी लंबे समय से युवाओं को नशे की लत में धकेलकर अवैध कमाई कर रहा था। उल्लेखनीय है कि पुलिस इस वर्ष अब तक तीन अन्य नशा तस्करों द्वारा अवैध रूप से अर्जित की गई करोड़ों रुपये की संपत्ति को फ्रीज कर चुकी है।

डीएसपी ने कहा कि यह कार्रवाई नशा तस्करों की काली कमाई से बने आर्थिक ढांचे को जड़ से खत्म करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। डबवाली पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति है। अब तस्करों को सिर्फ जेल भेजना ही काफी नहीं है, उनकी अवैध और काली कमाई से बनी हर संपत्ति को कानून के तहत जब्त किया जाएगा। डीएसपी ने कहा कि कई अन्य नशा तस्कर भी डबवाली पुलिस की रडार पर हैं और उनके खिलाफ भी इसी तरह की कठोर कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story