सिरसा: एक करोड़ की हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: एक करोड़ की हेरोइन सहित तस्कर गिरफ्तार


सिरसा, 07 मई (हि.स.)। पुलिस ने जिले के डबवाली क्षेत्र से नशा तस्कर को गिरफ्तार कर एक करोड़ रुपये की हेरोइन पकड़ी है। आरोपी सिरसा जिला का रहने वाला है और उसके खिलाफ नशा तस्करी के नौ मामले हरियाणा व पंजाब में दर्ज हैं।

डबवाली के डीएसपी योगेश कटारिया ने गुरुवार को बताया कि क्षेत्र में नशा तस्करी की सप्लाई चेन तोडऩे के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में सीआईए डबवाली पुलिस टीम ने गुप्त सूचना पर कार्रवाई करते हुए तस्कर गगनदीप को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर के गोल चौक क्षेत्र में एक व्यक्ति नशा बेचने की फिराक में हैं। आरोपी के पास पिठू बैग था जो कि पैदल जा रहा था। पुलिस ने युवक को काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से 521 ग्राम हेरोइन बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आकी गई है।

डीएसपी ने बताया कि आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि उसके खिलाफ पंजाब व हरियाणा में नशा तस्करी के नौ मामले दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि काबू किए गए आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान गहनता से पूछताछ कर इस नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाकर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी योगेश कटारिया ने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि डबवाली पुलिस द्वारा नशे के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कड़ी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story