पानीपत:हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार
पानीपत, 02 जुलाई (हि.स.)। पानीपत पुलिस टीम ने मतलौडा में एक युवक को 30.61 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान गांव वैसर निवासी प्रदीप के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि बुधवार देर शाम को उनकी टीम गश्त व जांच पड़ताल के दौरान मतलौडा में बस अड्डा के पास थी। टीम को तभी गुप्त सूचना मिली की वैसर गांव निवासी प्रदीप मादक पदार्थ बेचने का अवैध काम करता है। प्रदीप मादक पदार्थ लेकर कुछ ही देर में मतलौडा मैन बाजार में आएगा। सूचना को पुख्ता मानकर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गली नंबर दो में नर्सिग होम के पास से प्रदीप को काबू किया है। पुलिस ने प्रदीप की तलाशी ली तो उसकी पहनी हुई लोवर की एक जेब से कंप्यूटराइज कांटा व दूसरी जेब से पोलोथिन में पैक हेरोइन बरामद हुई। बरामद हेरोइन का वजन करने पर 30.61 ग्राम पाया गया। पुलिस ने थाना मतलौडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर गुरुवार को आरोपी को न्यायलाय में पेश किया जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ करने के साथ नशा सप्लायर के ठीकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा

