सोनीपत में चरस और गांजा सहित नशा तस्कर गिरफ्तार, अदालत से रिमांड पर लिया
सोनीपत, 30 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा
राज्य नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सोनीपत इकाई ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई
करते हुए एक व्यक्ति को एक किलो 542 ग्राम चरस और पांच किलो 954 ग्राम गांजा (वाणिज्यिक
मात्रा) सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां
से उसे पुलिस रिमांड पर लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
हरियाणा
सरकार के नशा मुक्त प्रदेश अभियान के तहत ब्यूरो प्रमुख एवं अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक
संजय कुमार तथा अतिरिक्त पुलिस महानिरीक्षक मनबीर सिंह के मार्गदर्शन में प्रदेशभर
में नशा तस्करों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। श्री संजय कुमार ने कहा
कि नशे की जड़ों को समाप्त करना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार
अभियान चलाया जा रहा है।
सोनीपत
इकाई के प्रभारी निरीक्षक अजय धनखड़ ने बताया कि सहायक उप-निरीक्षक रोहताश कुमार को
गुप्त सूचना मिली थी कि गांव घड़वाल निवासी एक व्यक्ति अपने घर और उसके पास स्थित प्लॉट
में चरस व गांजा छिपाकर रखता है तथा उसकी बिक्री करता है। सूचना के आधार पर टीम ने
तुरंत छापा मारा। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे
से एक किलो 542 ग्राम चरस और पांच किलो 954 ग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार
आरोपी की पहचान सोनीपत के गांव घड़वाल राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी
के विरुद्ध मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया। रिमांड के दौरान पुलिस यह पता
लगाने का प्रयास कर रही है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए गए, किन लोगों तक उनकी आपूर्ति
की जाती थी तथा इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की क्या भूमिका है। मामले की
जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना

